ओमिक्रॉन को लेकर केंद्र ने राज्यों को जारी किए निर्देश, कहा- जीनोम टेस्टिंग के लिए भेजे जाएं पॉजिटिव सैंपल
ओमिक्रॉन के बढ़ते खतरे को देखते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने मंगलवार को राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ समीक्षा बैठक की।
नई दिल्ली, 30 नवंबर। कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन ने एक बार फिर तमाम देशों की चिंता बढ़ा दी है। ओमिक्रॉन के बढ़ते खतरे को देखते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने मंगलवार को राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ समीक्षा बैठक की और उन्हें मामलों की जल्द पहचान और प्रबंधन के लिए परीक्षण तेज करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि ओमिक्रॉन वेरिएंट आरटीपीसीआर और आरएटी टेस्टिंग से बच पाने में सक्षम नहीं है, इसलिए टेस्टिंग में कोई ढील न बरतें और होम आइसोलेशन पर बराबर निगरानी रखें।

.केंद्र ने तमाम राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों जोखिम वाले देशों से आने वाले अंतरराष्ट्रीय यात्रियों का ईमानदारी से टेस्ट करने को कहा। निर्देशों के तहत सभी पॉजिटिव सैंपलों को जीनोम टेस्टिंग के लिए इंसाकोग (INSACOG) लैब्स भेजने को कहा गया है। राज्यों को पॉजिटिव व्यक्तियों के संपर्क का पता लगाने और 14 दिनों तक उन पर नजर रखने के लिए भी कहा गया है।
. राज्यों को आरटी-पीसीआर अनुपात बनाए रखते हुए परीक्षण दिशानिर्देशों को सख्ती से लागू करने और प्रत्येक जिले में पर्याप्त परीक्षण आंकड़े सुनिश्चित करने के लिए भी कहा गया। राज्यों को उन क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने के लिए भी कहा गया जहां हाल ही में पॉजिटिव मामलों का समूह सामने आया है।
. इसके अलावा केंद्र ने राज्यों से होम आइसोलेशन के मामलों की प्रभावी और उनके घर जाकर नियमित निगरानी करने को भी कहा।
यह भी पढ़ें: ओमिक्रॉन वेरिएंट से संक्रमित मरीजों का लोकनायक अस्पताल में होगा इलाज- दिल्ली सरकार
. 8वें दिन परीक्षण के बाद नेगेटिव आने के बाद भी राज्य प्रशासन द्वारा व्यक्ति की शारीरिक निगरानी की जाएगी।
. राज्यों को स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे आईसीयू, ऑक्सीजन बेड, वेंटिलेटर आदि की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की भी सलाह दी गई थी।
.पॉजिटिव यात्रियों के बारे में जानकारी लेने के लिए राज्य एयरपोर्ट स्वास्थ्य अधिकारियों और 'Air Suvidha' पर जा सकते हैं।
राज्यों को 30 नवंबर को ब्यूरो के साथ बैठकें करने की भी सलाह दी गई थी।
. इसके अलावा एयरपोर्ट स्वास्थ्य अधिकारियों, आप्रवासन, सार्वजनिक स्वास्थ्य अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारियों को अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए नए दिशानिर्देशों के सुचारू कार्यान्वयन को सुनिश्चित करे के भी निर्देश दिए गए, जो 1 दिसंबर की मध्यरात्रि से लागू होते हैं।












Click it and Unblock the Notifications