राजस्थान में नहीं है कोरोना वैक्सीन की कोई कमी, केंद्र सरकार ने अफवाहों को किया खारिज
नई दिल्ली। राजस्थान में कोरोना वैक्सीन की कमी की खबरों पर केंद्र सरकार ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। दरअसल, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने ऐसी खबरों को खारिज किया है, जिसमें ये दावा किया जा रहा है कि राजस्थान में कोरोना वैक्सीन की कमी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि राजस्थान में वैक्सीन की कमी नहीं है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, राजस्थान में कोरोना वैक्सीन की 37.61 लाख डोज भेजी गई हैं और सोमवार रात तक 24 लाख के करीब ही डोज इस्तेमाल हो पाई हैं। ऐसे में वहां अभी टीके की कोई कमी नहीं है।

Recommended Video
राजस्थान में टीकाकरण अभियान बाधित होने की आई थी खबरें
आपको बता दें कि मंगलवार को कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में ये कहा जा रहा था कि राजस्थान के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग ने राज्य में वैक्सीन की खुराक की कमी को लेकर केंद्र सरकार को एक SOS संदेश भेजा है। इस संदेश में कहा गया है कि मौजूदा स्टॉक तीन दिनों के भीतर खत्म हो सकता है, जिसके बाद कोरोना के खिलाफ चलाया जा रहा टीकाकरण अभियान बाधित हो जाएगा।
वैक्सीन की सप्लाई और आवश्यकता पर है केंद्र की नजर- स्वास्थ्य मंत्रालय
इसके जवाब में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि केंद्र सरकार नियमित रूप से सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में वैक्सीन की आपूर्ति की उपलब्धता की निगरानी कर रही है और उनकी आवश्यकता और खपत के अनुसार ही वैक्सीन की डोज उपलब्ध करा रही है।
आपको बता दें कि राजस्थान में 67 लाख लाभार्थियों को चुना गया है, जिसमें स्वास्थ्य कार्यकर्ता, फ्रंटलाइन वर्कर और प्राथमिकता वाले आयु वर्ग के लोग शामिल हैं। 16 जनवरी को टीकाकरण अभियान शुरू होने के बाद अभी तक राज्य में 29.9 लाख से अधिक डोज लगाई जा चुकी हैं।












Click it and Unblock the Notifications