कृष्णा घाटी और नौशेरा सेक्टर में पाक ने की फायरिंग, भारत का मुंहतोड़ जवाब
भारतीय सेना ने शनिवार को बताया था कि पिछले 96 घंटे में 13 पाकिस्तानी घुसपैठियों को मार गिराया गया है।
श्रीनगर। सीमा पर पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। पिछले कई दिनों से सीजफायर का उल्लंघन कर रही पाकिस्तानी सेना ने आज सुबह फिर से एलओसी पर कृष्णा घाटी और नौशेरा सेक्टर में भारतीय चौकियों के ऊपर गोलीबारी की। पाकिस्तानी सैनिकों ने ऑटोमैटिक हथियारों और मोर्टार से भारतीय चौकियों पर हमला किया। पाकिस्तानी फायरिंग का भारतीय सेना ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया।

सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल मनीष मेहता ने बताया कि सोमवार को पाकिस्तान ने दो जगहों पर केजी सेक्टर और नौशेरा में सीजफायर का उल्लंघन किया। फायरिंग का भारतीय सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया। उन्होंने बताया कि एक जून से पाकिस्तान ने अभी तक 9 बार सीजफायर का उल्लंघन किया है। पिछले 72 घंटों में ही पाक की तरफ से 6 बार फायरिंग हुई है।
किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं
उन्होंने बताया कि हमारे सैनिक पाक के हमले को जोरदार जवाब दे रहे हैं। पाकिस्तान भारी मोर्टार, आरसीएल गन और भारी ऑटोमैटिक हथियारों से फायरिंग कर रहा है। फिलहाल हालात काबू में हैं और अभी तक हमें किसी तरह के नुकसान की कोई खबर नहीं मिली है।
इससे पहले भारतीय सेना ने शनिवार को बताया कि पिछले 96 घंटे में 13 पाकिस्तानी घुसपैठियों को मार गिराया गया है। ये आतंकी भारतीय सीमा में घुसने की कोशिश कर रहे थे जब उन्हें मारा गया। जानकारी के मुताबिक ये घुसपैठिए कश्मीर में आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा देने के इरादे से आए थे, लेकिन एलओसी पर चलाए जा रहे ऑपरेशन में इन्हें मार गिराया गया।












Click it and Unblock the Notifications