फाइटर जेट पर CDS Anil Chauhan के बयान से मचा सियासी तूफान, कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना
India Paksitan War: भारत के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल अनिल चौहान के एक बयान से देश की राजनीति में हड़कंप मच गया है। दरअसल, CDS चौहान सिंगापुर में शांगरी-ला डायलॉग कार्यक्रम में गए हुए हैं। इस दौरान ब्लूमबर्ग को दिए एक इंटरव्यू में CDS ने पाकिस्तान द्वारा भारतीय लड़ाकू विमानों के नुकसान को लेकर कई चौंकाने वालो खुलासे किए हैं।
सीडीएस ने जो टिप्पणी की, उस पर कांग्रेस ने केंद्र सरकार को घेर लिया है। पार्टी ने इसे 'सच्चाई छिपाने' का आरोप लगाते हुए संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग कर डाली है।

CDS Anil Chauhan ने कहा, 'गिनती नहीं, सबक मायने रखता है'
ब्लूमबर्ग के सवालों का जवाब देते हुए जनरल अनिल चौहान ने कहा, "असली मुद्दा यह नहीं है कि कितने विमान गिरे, बल्कि यह है कि वे क्यों गिरे और हमने उनसे क्या सीखा।" इतना ही नहीं उन्होंने पाकिस्तान के उस दावे को खारिज किया जिसमें 6 भारतीय जेट को गिराए जाने की बात कही गई थी।
CDS चौहान ने पाकिस्तान के दावे को बिल्कुल गलत और झुठा करार दिया। हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि संघर्ष के दौरान परमाणु हथियारों के इस्तेमाल की कोई संभावना नहीं बनी, जो एक राहत की बात है।
कांग्रेस का आरोप: सरकार क्यों छिपा रही है सच्चाई?
सीडीएस के इस बयान के बाद कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी। पार्टी ने अपने आधिकारिक X हैंडल से इंटरव्यू की क्लिप साझा करते हुए लिखा, "CDS का बयान यह मानता है कि हमें फाइटर जेट का नुकसान हुआ है। फिर मोदी सरकार इस बात को क्यों छिपा रही है?"
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्र पर आरोप लगाया कि वह जनता से तथ्य छिपा रही है और ऐसे संवेदनशील मुद्दों पर पारदर्शिता नहीं बरत रही है। खड़गे ने इस विषय पर संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग की है ताकि सरकार जवाबदेह बन सके।
CDS चौहान ने पाक से रिश्तों पर भी कसा तंज
जनरल चौहान ने कार्यक्रम के दौरान यह भी कहा कि भारत अब बिना रणनीति के कोई कदम नहीं उठाता। पाकिस्तान के साथ कूटनीतिक रिश्तों की बात करते हुए उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि, "अब वह दौर खत्म हो चुका है।"
उन्होंने याद दिलाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने पहले कार्यकाल के दौरान पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को शपथ ग्रहण समारोह में बुलाकर दोस्ती का हाथ बढ़ाया था, लेकिन बदले में सिर्फ दुश्मनी ही मिली।
CDS Anil Chauhan के बयान से राजनीति गरमाई, संसद में टकराव तय
सीडीएस के बयान ने राजनीतिक गलियारों में एक नई बहस छेड़ दी है। कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल जहां सरकार से पारदर्शिता की मांग कर रहे हैं, वहीं सरकार अब तक इस मुद्दे पर खामोश है। आने वाले दिनों में इस पर संसद में जोरदार बहस की संभावना जताई जा रही है।
यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या सरकार इस पर स्पष्टीकरण देती है या इसे सुरक्षा कारणों से 'गोपनीय' मुद्दा मानकर टालने की कोशिश करती है।












Click it and Unblock the Notifications