कोयला घोटाले में मनमोहन सिंह आरोपी, 8 को पेश होंगे कोर्ट में
नई दिल्ली। कोयला घोटाले की आंच पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह तक पहुंच चुकी है। दिल्ली की पटियाला कोर्ट ने कोयला घोटाले में मनमोहन सिंह को आरोपी बनाने का आदेश दिया है। यही नहीं मनमोहन सिंह को इस बाबत आरोपी के तौर पर समन भी भेजा गया है।

वहीं कोर्ट ने कोयला घोटाले में सीबीआई के क्लोजर रिपोर्ट को भी खारिज कर दिया। साथ ही सभी आरोपियों को 8 अप्रैल को कोर्ट में पेश होने को भी कहा है। इस मामले में पूर्व कोयला सचिव पीसी पारेख, उद्योगपति कुमार मंगलम बिडला सहित अन्य तीन लोगों को भी कोर्ट ने समन भेजा है।
कोर्ट ने सभी आरोपियों को आपराधिक षड़यंत्र के तहत समन भेजा है। गौरतलब है कि बिडला ने 7 मई 2005 और 17 जून 2005 को पीएमओ को पत्र लिखकर तालाबीरा 2 की कोयला खदान को हिंडालको को आवंटित करने की अपील की थी। आपको बता दें कि सीबीआई ने इस मामले में गवाह के तौर पर एस जयराम के बयान को भी दर्ज किया है।
वहीं इस मामले पर कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने ऐसा कुछ भी नहीं किया है जिसके चलते उसे अपना सिर झुकाना पड़े। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास कुछ भी छिपाने के लिए नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications