शाहीन बाग की महिलाएं आज जंतर-मंतर तक करेंगी पैदल मार्च, JNU और जामिया के छात्र भी होंगे शामिल
नई दिल्ली। नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में प्रदर्शन कर रही सैकड़ो शाहीन बाग की महिलाएं आज जंतर मंतर तक पैदल मार्च करेंगी। जानकारी के अनुसार जामिया मिल्लिया इस्लामिया, जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय के छात्र भी इस मार्च में हिस्सा लेंगे। शाहीन बाग में प्रदर्शन कर रही बुजुर्ग महिलाओं को दादी के नाम से भी जाना जा रहा है। आज ये सभी महिलाएं चलो जंतर मंतर का नारा देते हुए पैदल मार्च करेंगी। ये सभी महिलाएं नागरिकता संशोधन कानून, एनआरसी, एनपीआर का विरोध कर रही हैं। माना जा रहा है कि ये महिलाएं जंतर मंतर पर प्रदर्शनकारियों को संबोधित करेंगी।

बता दें कि पिछले एक महीने से अधिक समय से ये तमाम महिलाएं शाहीन बाग में सीएए, एनआरसी के विरोध में धरने पर बैठी हैं और ये महिलाएं सीएए को वापस लिए जाने की मांग कर रही हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वह अपना प्रदर्शन तबतक जारी रखेंगी जबतक कि सरकार सीएए को वापस नहीं लेती है। बता दें कि मंगलवार को कुछ हथियारबंद लोग प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे और इन लोगों को धमकी दी। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमे देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति के हाथ में हथियार है। पुलिस का कहना है कि इस व्यक्ति की पहचान मोहम्मद लुकमान के तौर पर हुई है जोकि शाहीन बाग का ही रहने वाला है, उसके पास अपनी लाइसेंसी पिस्तौल थी।
पुलिस के अनुसार व्यक्ति बिल्डिंग कॉन्ट्रैक्टर है और वह प्रदर्शन स्थल पर गया था। वह कुछ लोगों के साथ यहां पहुंचा था और प्रदर्शनकारियों से बात करना चाहता था। वह इन लोगों से रास्ते को खोलने के लिए बात करने पहुंचा था। एक प्रदर्शनकारी जिसका नाम सैयद तासीर अहमद है ने बताया कि यह व्यक्ति स्टेज पर चढ़ गया और हमे धरना खत्म करने की धमकी देने लगा। हालांकि लोगों ने व्यक्ति को पकड़ लिया और यहां से हटाया गया।












Click it and Unblock the Notifications