CAA: रैमन मैग्सेसे अवॉर्ड विजेता ने योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर की ये अपील
नई दिल्ली। नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन के खिलाफ जिस तरह प्रशासन कार्रवाई कर रहा है, उसपर एक्टिविस्ट संदीप पांडे ने चिंता ज जहिर की है। रैमन मैग्सेसे अवॉर्ड विजेता संदीप पांडे ने उत्तर प्रदेश में इस कानून का विरोध कर रहे लोगों के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है। संदीप पांडे ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को खुला पत्र लिखा है और उन्होंने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई की निंदा की है। संदीप पांडे ने पत्र में लिखा है कि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ जिस तरह से यूपी सरकार प्रतिशोध की भावना से कार्रवाई कर रही है वह निंदनीय है। उन्होंने राज्य सरकार से अपील की है कि वह परिपक्वता का परिचय दे और संयम बरतें।
Recommended Video

पत्र में उन्होंने लिखा है कि मैंने आपसे 21 दिसंबर को मिलने का समय मांगा था, लेकिन आपकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला। मैं लखनऊ और यूपी में एनआरसी और नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन के खिलाफ प्रशासन व सरकार के रवैये को लेकर आपको यह पत्र लिख रहा हूं। जिन लोगों के खिलाफ हिंसा और प्रदर्शन को लेकर एफआईआर दर्ज की गई है उसमे अधिकतर लोग मुस्लिम हैं, ऐसे में अगर प्रशासन की कार्रवाई धर्म विशेष के लोगों के खिलाफ होगी तो लोग कैसे सरकार और प्रशासन पर भरोसा करेंगे।
संदीप पांडे ने लिखा कि लखनऊ के हजरतगंज थाने में 39 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किए गए हैं जिसमे 36 मुसलमान आरोपी हैं। प्रदेश में पुलिस की गोली से जो 16 लोग मरे हैं वो सभी मुसलमान हैं। जब देश में लाखों लोग प्रदर्शन के लिए सड़क पर उतरे और कहीं पर कोई अप्रिय घटना नहीं हुई तो आखिर कैसे यूपी में हिंसा भड़क गई। संदीप पांडे ने पत्र में योगी आदित्यनाथ से अपील की है कि निर्दोष लोगों को रिहा किया जाए, जिनके खिलाफ केस दर्ज किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications