गुजरात: तीन मंजिला अपार्टमेंट पर चढ़ा सांड, रेस्क्यू में छूटा पसीना
राजकोट। गुजरात के जूनागढ़ में शुक्रवार को एक अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल में चढ़े सांड को उतारने में फायर ब्रिगेड को खासी मशक्कत करनी पड़ी। सांड अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल में पहुंच तो गया लेकिन उतर नहीं पा रहा था।

अधिकारियों ने बताया कि उन्हें सुबह करीब 10 बजे फोन पर इसकी सूचना मिली। सूचना मिलते ही तुरंत रेस्क्यू टीम मौके पर भेजी गई।
चौथी मंजिल से दूसरी बिल्डिंग में पहुंचा सांड
बताया जा रहा है कि सांड पहले मल्हार अपार्टमेंट की चौथी मंजिल पर पहुंच गया और वहां से वह दूसरी बिल्डिंग की तीसरी मंजिल की छत पर चला गया। सांड को नीचे उतारने में काफी मेहनत इसलिए भी करनी पड़ी क्योंकि तीन मंजिला बिल्डिंग में सीढ़ियां ठीक नहीं थीं।
रस्सी से खींचा गया
फायर ब्रिगेड के एक कर्मचारी ने बताया कि सांड को नीचे उतारने के लिए पहले रस्सियों से बांधा गया और मल्हार अपार्टमेंट की चौथी मंजिल पर दोबारा खींच लिया गया। इसके बाद उसे सीढ़ियों के जरिए नीचे लाया गया। इस पूरे घटनाक्रम में दो घंटे से अधिक समय लगा।












Click it and Unblock the Notifications