RLD के हटने के बाद क्या सपा-कांग्रेस के साथ आएंगी मायावती? ट्वीट में कर दिया बड़ा खुलासा
Mayawati Lok Sabha Chunav: लोकसभा चुनाव से पहले ही यूपी की राजनीति में जबरदस्त घमासान मचा हुआ है। पहले जयंत चौधरी विपक्षी गठबंधन से अलग हुए और अब सपा से कई दिग्गज नेता अलग हो गए हैं।
इस बीच एक बार फिर से ये सवाल उठने लगा है कि क्या बीएसपी सुप्रीमो मायावती विपक्षी गठबंठन 'इंडिया' का हिस्सा बनेंगी? इन सवालों को लेकर अब खुद मायावती ने जवाब दे दिया है।

गठबंधन में शामिल होने को लेकर चल रही खबरों पर मायावती ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'आगामी लोकसभा आम चुनाव में बीएसपी द्वारा किसी भी पार्टी से गठबंधन नहीं करने की बार-बार स्पष्ट घोषणा के बावजूद आए दिन गठबंधन संबंधी अफवाह फैलाना यह साबित करता है कि बीएसपी के बिना कुछ पार्टियों की यहां सही से दाल गलने वाली नहीं है, जबकि बीएसपी के लिए अपने लोगों का हित सर्वोपरि है।'
अपने ट्वीट में बसपा सुप्रीमो ने आगे लिखा, 'अतः सर्वसमाज के खासकर गरीबों, शोषितों एवं उपेक्षितों के हित व कल्याण के मद्देनजर बीएसपी का देश भर में अपने लोगों के तन, मन, धन के सहारे अकेले अपने बलबूते पर लोकसभा आमचुनाव लड़ने का फैसला अटल है। लोग अफवाहों से जरूर सावधान रहें।'
आरएलडी हुई अलग तो सपा को झटके पर झटके
आपको बता दें कि विपक्षी गठबंधन इंडिया को हाल ही में एक बड़ा झटका उस वक्त लगा, जब केंद्र सरकार की तरफ से पूर्व पीएम चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न सम्मान दिए जाने के बाद आरएलडी प्रमुख जयंत चौधरी ने एनडीए में जाने का ऐलान कर दिया। इससे बाद समाजवादी पार्टी में भी टूट शुरू हुई और पहले स्वामी प्रसाद मौर्य और फिर सलीम इकबाल शेरवानी अलग हो गए।
किसी भी गठबंधन का हिस्सा नहीं बनेंगी BSP
हालांकि, बीएसपी को विपक्षी गठबंधन इंडिया में शामिल होने की बात पहले से उठती रही, लेकिन मायावती ने साफ कर दिया कि वो किसी भी गठबंधन का हिस्सा नहीं बनेंगी। मायावती ने साफ तौर पर कहा कि चुनाव बाद वो गठबंधन पर विचार कर सकती हैं, लेकिन इस लोकसभा चुनाव में वो अकेले ही मैदान में उतरेंगी। आरएलडी के अलग होने के बाद मायावती को लेकर एक बार फिर सुगुबुगाहट तेज हुई, जिसपर उन्होंने ट्वीट करते हुए विराम लगा दिया है।












Click it and Unblock the Notifications