BSF जवान तेज बहादुर का नया ऑडियो सामने आया, कहा- बनाया जा रहा है शिकायत वापस लेने का दबाव
तेज बहादुर की पत्नी ने बुधवार को एक ऑडियो जारी करके आरोप लगाया था कि उनके पति पर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है। अगर उनके पति को कुछ भी होता है तो इसकी जिम्मेदारी सरकार और बीएसएफ की होगी।
नई दिल्ली। बीएसएफ में खराब खाने और सुविधाओं को लेकर वीडियो जारी करने वाले जवान तेज बहादुर यादव ने अब अधिकारियों पर एक और आरोप लगाया है। जवान की पत्नी ने कहा कि फोन पर हुई बातचीत में उन्होंने बताया कि अधिकारी उन पर शिकायत वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जांच के नाम पर सिर्फ दिखावा किया जा रहा है।

पत्नी ने लगाई न्याय की गुहार
तेज बहादुर की पत्नी ने बुधवार को एक ऑडियो जारी करके आरोप लगाया था कि उनके पति पर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर उनके पति को कुछ भी होता है तो इसकी जिम्मेदारी सरकार और बीएसएफ की होगी। इसके पहले बुधवार को उन्होंने वीडियो जारी करके न्याय की अपील की थी। तेज बहादुर ने खाने का वीडियो फेसबुक पर शेयर किया था।
अलग यूनिट में भेजकर बनाया प्लंबर
वहीं, तेज बहादुर यादव का वीडियो सामने आने के बाद उनको दूसरी यूनिट में भेज दिया गया है। उनको प्लंबर का काम सौंप दिया गया है। बीएसएफ ने कहा कि प्लंबर का काम देकर उन्हें सजा नहीं दी गई है। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए उनको अलग यूनिट में भेजा गया है। बीएसएफ ने तेज बहादुर के साथ पूरा न्याय करने की बात कही है। बता दें कि तेज बहादुर का वीडियो सामने आने से सियासी हलचल बढ़ गई है। गृह मंत्रालय ने बीएसएफ से रिपोर्ट मांगी थी। अधिकारियों ने उन्हें शराब का आदी और मानसिक तौर पर परेशान करार दिया।












Click it and Unblock the Notifications