विजय माल्या के प्रत्यर्पण पर ब्रिटिश मंत्री ने दिए सकारात्मक संकेत, बोले किरण रिजिजू
विजय माल्या भारत में कई बैंकों की कुल 9 हजार करोड़ रुपये का लोन नहीं चुकाने के मामले में वांछित हैं और अभी ब्रिटेन में रह रहा है।
नई दिल्ली। ब्रिटेन के इमिग्रेशन मिनिस्टर ब्रैंडन लेविस ने दिल्ली में गृह राज्य मंत्री किरण रिजिजू से मुलाकात की है। इस दौरान दोनों देशों के मंत्रियों के बीच कई मुद्दों पर बातचीत हुई है। किरण रिजिजू ने बताया कि ब्रैंडन लेविस से विजय माल्या के प्रत्यर्पण को लेकर बात हुई है और ब्रिटिश मंत्री की तरफ से इस मुद्दे पर सकारात्मक संकेत मिले हैं। किरण रिजिजू के मुताबिक ब्रिटेन के मंत्री के साथ प्रत्यर्पण संधि के कानूनी पहलूओ को लेकर भी बात हुई है।

विजय माल्या भारत में कई बैंकों की कुल 9 हजार करोड़ रुपये का लोन नहीं चुकाने के मामले में वांछित हैं और अभी ब्रिटेन में रह रहा है। इस मामले में 20 नवंबर को होने वाली सुनवाई में यह तय होगा कि चार दिसंबर से शुरू हो रहे प्रत्यर्पण मामले की सुनवाई किस प्रकार होगी। विजय माल्या को लंदन में दो बार गिरफ्तार भी किया गया था लेकिन कुछ ही घंटों में उसको जमानत भी मिल गई थी।
भारत और ब्रिटेन के बीच 1992 में प्रत्यर्पण संधि पर हस्ताक्षर हुए थे और नवंबर 1993 से यह प्रभावी हो गई थी। इस साल की शुरुआत में राज्य सभा में सरकार की तरफ से जारी बयान के मुताबिक माल्या के अलावा ब्रिटेन की अदालतों में 5 भारतीयों के प्रत्यर्पण के मामले लंबित हैं।












Click it and Unblock the Notifications