ईंधन की कमी से British F-35 fighter jet ने की आपात लैंडिंग, तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट पर मची हलचल
British F-35 fighter jet: शनिवार रात तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक हाईटेक ब्रिटिश लड़ाकू विमान F-35 ने आपातकालीन लैंडिंग की। समाचार एजेंसी ANI द्वारा जारी रिपोर्ट के मुताबिक, इस लैंडिंग की वजह ईंधन की कमी रही। विमान ने रात करीब 9:30 बजे एयरपोर्ट पर सुरक्षित रूप से लैंड किया।
हवाई अड्डा सूत्रों के अनुसार, विमान का पायलट उड़ान के दौरान कम ईंधन का संकेत मिलने पर तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क में आया और आपातकालीन लैंडिंग की अनुमति मांगी।

एटीसी ने तुरंत आपात स्थिति की घोषणा करते हुए जरूरी इंतजाम किए और विमान को सुरक्षित रूप से उतारने में मदद की।
सब कुछ बेहद पेशेवर तरीके से संभाला गया: सूत्र
अब तक की मिली जानकारी के मुताबिक, "पायलट ने कम ईंधन की रिपोर्ट दी थी और लैंडिंग की इजाजत मांगी। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने स्थिति को बेहद तेजी और पेशेवर तरीके से संभाला। कोई भी तकनीकी समस्या नहीं हुई और विमान सफलतापूर्वक रनवे पर उतरा।"
लैंडिंग के बाद विमान को एक सुरक्षित स्थान पर पार्क कर दिया गया है। यह फिलहाल एयरपोर्ट परिसर में ही खड़ा है।
ईंधन भरने के लिए केंद्रीय मंजूरी का इंतजार
सूत्रों के मुताबिक, F-35 में ईंधन भरने की प्रक्रिया तब शुरू की जाएगी जब केंद्र सरकार के संबंधित विभागों से अनुमति मिल जाएगी। चूंकि यह एक विदेशी सैन्य विमान है और संभवतः किसी ब्रिटिश एयरक्राफ्ट कैरियर से उड़ान भरकर आया था, इसलिए ईंधन भरवाने और अगली उड़ान की प्रक्रिया पूरी तरह से सरकारी मंजूरी पर निर्भर करती है। हालांकि इस मामले में अधिक जानकारी की प्रतिक्षा की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications