शिवाजी पार्क में उद्धव ठाकरे का शपथ ग्रहण, सुरक्षा पर HC ने जताई चिंता
मुंबई। बॉम्बे हाईकोर्ट ने शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के शिवाजी पार्क में शपथ ग्रहण समारोह पर चिंता जताई है। बॉम्बे हाई कोर्ट ने बुधवार को चिंता जताते हुए कहा कि सार्वजनिक मैदानों पर इस किस्म के कार्यक्रमों को आयोजित करने का यह नियमित सिलसिला नहीं होना चाहिए। उद्धव ठाकरे गुरुवार को पद की शपथ लेंगे। उनका शपथ ग्रहण समारोह मुंबई के शिवाजी पार्क में रखा गया है। मुंबई पुलिस ने इस आयोजन में जुटने वाली भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
Recommended Video

अदालत गैर सरकारी संगठन 'वीकम ट्रस्ट' की याचिका पर सुनवाई कर रही थी। इस मामले में सवाल उठाया गया कि शिवाजी पार्क खेल का मैदान है या मनोरंजन का स्थल। इस पर हाई कोर्ट के जज एस सी धर्माधिकारी और आर आई चागला की डिविजन बेंच ने इस मामले पर कहा, 'हम कल के शपथ ग्रहण के बारे में कुछ नहीं कहना चाहते हैं। हम बस प्रार्थना कर रहे हैं कुछ गलत ना हो।'
हाई कोर्ट ने एक एनजीओ की याचिका पर साल 2010 में इस क्षेत्र को 'साइलेंस जोन' घोषित कर दिया था। तब हाई कोर्ट ने कहा था कि शिवाजी पार्क में केवल 6 दिसंबर (आंबेडकर परिनिर्वाण दिवस), 1 मई (महाराष्ट्र स्थापना दिवस) और 26 जनवरी (गणतंत्र दिवस) को ही कार्यक्रम आयोजित किए जा सकते हैं।
जानकारी के मुताबिक, महाराष्ट्र विकास अघाड़ी के नेता चुने गए शिवसेना चीफ उद्धव ठाकरे के शपथ ग्रहण समारोह के लिए शिवाजी पार्क और उसके आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। उद्धव ठाकरे गुरुवार शाम को महाराष्ट्र के 17वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे। शिवसेना, एनसीपी और कांग्रेस के गठबंधन महाराष्ट्र विकास अघाड़ी (एमवीए) के नेता उद्धव ठाकरे परिवार से मुख्यमंत्री बनने वाले पहले सदस्य होंगे।












Click it and Unblock the Notifications