'राम सेतु' की शूटिंग के लिए अक्षय कुमार अयोध्या रवाना, राम जन्मभूमि में होगा फिल्म का मुहूर्त
मुंबई: अपनी पत्नी ट्विंकल खन्ना के साथ छुट्टी मानकर लौटे अक्षय कुमार एक बार फिर काम पर वापस आ गए हैं। एक्टर अक्षय कुमार आज मुंबई से स्पेशल प्लेन से अयोध्या के लिए रवाना हुए। इस दौरान उनके साथ एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडिस और नुसरत भरुचा भी थीं। वो अपनी आने वाली फिल्म राम सेतु की शूटिंग के लिए अयोध्या गए हैं। अयोध्या के लिए उड़ाने भरने से पहले अक्षय कुमार ने एक फोटो भी सोशल मीडिया पर शेयर की, जिसमें उन्होंने बताया कि एक विशेष फिल्म, एक विशेष शुरुआत ... टीम #RamSetu अयोध्या के लिए रवाना हुई।

राम जन्मभूमि परिसर में होगा फिल्म का मुहूर्त
'रामसेतु' के मुहूर्त के लिए अयोध्या रवाना होने से पहले अक्षय कुमार ने यह फोटो शेयर की। शेयर की गई फोटो में अक्षय कुमार अपने सह कलाकार जैकलीन फर्नांडीज और नुसरत भरुचा के साथ है। अक्षय ने गहरे हरे रंग की पैंट और काली शर्ट पहनी हुई है। एथनिक आउटफिट में जैकलीन बेहद खूबसूरत लग रही थीं। उन्होंने पलाजो के साथ एक फूलों की डिजाइन वाला सफेद कुर्ता और एक सफेद दुपट्टा डाल रखा है। वहीं नुसरत ने एक ट्रेंडी कढ़ाई वाले श्रग के साथ सफेद रंग की रफल्ड मैक्सी ड्रेस पहनी हुई थी। जानकारी के मुताबिक अक्षय कुमार राम जन्मभूमि परिसर में फिल्म के मुहूर्त के लिए पूजा करेंगे। उसके बाद फिल्म का पहला शॉट शूट किया जाएगा।

14 नवंबर को फिल्म का पोस्टर किया जारी
वहीं इससे पहले अभिनेता अक्षय कुमार ने फिल्म का एक पोस्टर पिछली दिवाली पर शेयर करते हुए लिखा था कि दीपावली,भारत राष्ट्र के आदर्श और महानायक भगवान श्री राम की पुण्य स्मृतियों को युगों - युगों तक भारत की चेतना में सुरक्षित रखने के लिए एक ऐसा सेतु बनाये जो आने वाले पीढ़ियों को राम से जोड़ कर रखे। इसी प्रयास में हमारा भी एक छोटा संकल्प है - राम सेतु

दीवाली 2021 पर होगी फिल्म रिलीज
अक्षय ने नवंबर 2020 में फिल्म के एक और पोस्टर के साथ फिल्म की घोषणा की थी, जिसमें उन्होंने बताया था कि यह फिल्म, दीवाली 2021 रिलीज होने के लिए तैयार है, जो भगवान राम के आदर्शों पर आधारित है। इस फिल्म में पहली बार अक्षय नुसरत के साथ नजर आंएगे। वहीं जैकलीन के साथ उनकी यह चौथी फिल्म होगी। इससे पहले वो जैकलीन के साथ हाउसफुल-2, हाउसफुल-3 और ब्रदर्स में साथ काम कर चुके हैं। रामसेतु के निर्देशक की बात करें तो अभिषेक शर्मा फिल्म को डायरेक्टर कर रहे हैं।

अक्षय की आने वाली हैं कई फिल्में
अगर अक्षय कुमार की आने वाली फिल्मों की बात करें तो हाल ही में वो राजस्थान के जोधपुर से फिल्म बच्चन पांडे की शूटिंग करके लौटे है। वहीं 30 अप्रैल को रोहित शेट्टी की फिल्म सूर्यवंशी में नजर आएंगे। कोरोना महामारी के चलते फिल्म की रिलीज डेट को टाल दिया था, जो अब सिनेमाघरों में आने को तैयार है। वहीं बच्चन पांडे और अतरंगी रे भी उनकी अपकमिंग फिल्म है।












Click it and Unblock the Notifications