Blackbuck Verdict: बड़ी बेचैनी में गुजरी सलमान खान की जेल में पहली रात, ना खाया, ना बातें की
Recommended Video

जोधपुर। काला हिरण शिकार केस में सुनाई गई 5 साल की सजा की पहली रात एक्टर सलमान खान जेल में गुजार चुके हैं, प्राप्त जानकारी के मुताबिक सलमान की पहली रात जेल में काफी बेचैनी में गुजरी। वो काफी परेशान दिख रहे थे। कहा जा रहा है कि वो देर रात जागते रहे और बैरक के बाहर करीब रात 12.30 बजे तक टहलते रहे। उन्होंने रात का खाना भी नहीं खाया, उन्हें रात के खाने में रोटी, पत्तागोभी की सब्जी और चने की दाल दी गई थी, जिसे खाने से सलमान खान ने मना कर दिया।

नाश्ता भी नहीं किया सलमान खान ने
यही नहीं आज सुबह जेल के अलार्म बजने पर वो 6:30 पर उठे और उन्हें नाश्ते में दलिया परोसा गया, जिसे भी खाने से सलमान ने मना कर दिया। आपको बता दें कि सलमान खान के घरवालों ने गुरुवार को जेल कैंटीन में 400 रुपये जमा करवाए थे, ताकि वह अपने लिए मनपसंद की चीज ऑर्डर कर सकें।

सलमान ने जेल के कपड़े पहनने से भी मना कर दिया
खबर है कि सलमान ने आज सुबह 7:30 पर कैंटीन से ब्रेड और दूध खरीदा था। सलमान ने जेल के कपड़े पहनने से भी मना कर दिया। वो उन्हीं कपड़ो में रहे जो कि उन्होंने कोर्ट में सुनवाई के दौरान पहन रखे थे, यानी कि ब्लू जींस और ब्लैक शर्ट। सलमान ने किसी से भी बात भी नहीं की।

सलमान को 5 साल की सजा
गौरतलब है कि आज सलमान की जमानत याचिका पर सुनवाई होगी। गुरुवार को जोधपुर की एक अदालत ने बड़ा फैसला सुनाते हुए काले हिरण शिकार मामले में अभिनेता सलमान खान को दोषी करार देते हुए 5 साल की सजा सुना दी है।

बीस साल बाद फैसला
बीस साल पुराने इस मामले मेंकोर्ट ने सलमान को तो दोषी करार दे दिया लेकिन इसके साथ अन्य सभी आरोपियों को बरी कर दिया है। आपको बता दें कि 28 मार्च को इस मामले में सीजेएम ग्रामीण देवकुमार खत्री की कोर्ट में सुनवाई हुई थी, जिस पर 5 अप्रैल को फैसला आया है।












Click it and Unblock the Notifications