हार पर तिलमिलाई शिवसेना, कहा भाजपा के खिलाफ जाएंगे चुनाव आयोग
मुंबई। महाराष्ट्र के महानगरपालिका चुनाव में शिवसेना ने अपनी हार का ठीकरा बीजेपी पर फोड़ते हुए उन पर चुनाव में सांप्रदायिकता फैलाने का आरोप लगाया है। शिवसेना प्रवक्ता व सांसद संजय राउत ने इसकी शिकायत चुनाव आयोग से करने की बात कही है। शिवसेना का आरोप है कि मीरा-भाईंदर में जीत के लिए बीजेपी ने विवादस्पद जैन मुनि नयपद्मसागर का सहारा लिया है।


BJP ने चुनाव आयोग का किया उल्लंघन
शिवसेना के वरिष्ठ नेता संजय राउत ने कहा कि बीजेपी ने चुनाव आयोग का उल्लंघन करते हुए इस चुनाव में मनी और मुनि का सहारा लिया है। राउत ने जैन मुनि नयपद्मसागर पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा, 'यह शख्स (नयपद्मसागर) जो अपने आप को मुनि कहता है, वो दरअसल लोगों की हिंसा में लिप्त, सांप्रदायिक प्रचार करने में माहिर और समुदायों में दिक्कत पैदा करने वाला एक आतंकवादी है'।

हम जैन समुदाय के खिलाफ नहीं
राज्यसभा सांसद राउत ने कहा कि पार्टी अगर ऐसे मुनि का विरोध करती है तो इसका मतलब यह नहीं कि हम जैन समुदाय के खिलाफ है। राउत ने कहा, 'हम जैन समुदाय के खिलाफ नहीं है। हमने तो 1993 के दंगों में एक लव जिहाद मामले में जैन लड़की को बचाया था'। राउत के अनुसार, अगर सरकार इस मुनि के खिलाफ कोई एक्शन नहीं लेती है तो पार्टी (शिवसेना) को ही कोई कदम उठाना पड़ेगा। शिवसेना ने बीजेपी पर आरोप लगाया कि बीएमसी चुनाव में उन्होंने तीन साल पुराना वीडियो वायरल किया था, जिसमें जैन समुदाय के नयपद्मसागर महाराज बीजेपी के लिए वोट मांगते हुए दिखाई दे रहे हैं।

BMC चुनाव में बीजेपी ने लहराया था परचम
आपको बता दें कि मीरा-भाईंदर महानगरपालिका के 95 वार्डो में से 61 सीटों पर भाजपा ने जीत हासिल की थी। शिवसेना को मात्र 22 सीट पर ही विजय हुई थी। वहीं कांग्रेस को 10 और 2 निर्दलीय चुनाव जीते थे।












Click it and Unblock the Notifications