'अहंकार छोड़ दें, और...', अयोध्या की तरह गुजरात हराने के राहुल गांधी के बयान पर बीजेपी की नसीहत
Rahul Gandhi News: कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी आम चुनाव के नतीजों के बाद नई कलेवर में नजर आ रहे हैं। लोकसभा के अंदर भाषण हो या फिर केंद्र सरकार को किसी मुद्दे पर घेरना हो राहुल गांधी आक्रामक अंदाज में रहते हैं। ऐसे ही शनिवार (6 जुलाई) को गुजरात के अहमदाबाद पहुंचे कांग्रेस नेता ने भाजपा को लेकर ऐसा बयान दिया कि अब बीजेपी उनको धार्मिक मुद्दों पर गंभीर होने की सलाह दे रही है।
दरअसल, अहमदाबाद में पार्टी कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा था कि कांग्रेस भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को उसी तरह हराएगी, जैसे लोकसभा चुनाव में अयोध्या में हराया था। जिसके बाद बीजेपी ने उन पर पलटवार किया है।

'अहंकार छोड़ दें और धार्मिक मुद्दों पर...'
राहुल गांधी की टिप्पणी भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, "धार्मिक मुद्दों पर संवेदनशीलता, सम्मान और गरिमा के साथ बात करें। मैं कहूंगा कि अहंकार छोड़ दें और धार्मिक मुद्दों पर सादगी, ईमानदारी और विनम्रता से बात करें।"
सुधांशु त्रिवेदी ने आगे कहा कि "एक विपक्ष के नेता के तौर पर वह (राहुल गांधी) संसद में कोई भी मुद्दा उठाने के लिए स्वतंत्र हैं। लेकिन, मैं उनसे कहना चाहूंगा कि वह सिर्फ विपक्ष में नहीं हैं, वे (कांग्रेस) कई राज्यों में सरकार में हैं, वहां काम करके दिखाएं। जब हम विपक्ष में थे, तो हमने काम करके गुजरात मॉडल दिखाया था।"
ये अहंकार इन्हें ले डूबेगा: चिराग पासवान
वहीं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा, "पहले तो राहुल गांधी समझ जाएं कि अयोध्या नहीं फैजाबाद लोकसभा है, अयोध्या उसकी एक विधानसभा है। हम लोग आकलन कर रहे हैं कि कहां पर चूक हुई। इसके बाद जहां हम लोग सीखते हुए मजबूती से आगे बढ़ेंगे, वहीं इन लोगों का ये अहंकार इन्हें ले डूबेगा। 100 का आंकड़ा वे (कांग्रेस) लोग पार नहीं कर पाए। मुझे नहीं लगता वे लंबे समय तक टिकने वाले हैं।"












Click it and Unblock the Notifications