झारखंड विधानसभा चुनाव: भाजपा ने जारी की 5वीं लिस्ट, 8 प्रत्याशियों के नामों का ऐलान
नई दिल्ली। झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार शाम अपनी 5वीं सूची जारी कर दी है। इस सूची में 8 प्रत्याशियों के नाम शामिल हैं। पार्टी ने पाकुड़, रामगढ़, डुमरी, बड़कागांव, गोमिया, टुंडी, कांके और जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा सीट के लिए उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की है। कांके के वर्तमान विधायक जीतू चरण का नाम कट गया है। कांके से पार्टी ने समरी लाल को उम्मीदवार बनाया है।

भाजपा की जारी सूची के अनुसार पाकुड़ से बेनी प्रसाद गुप्ता, बड़कागांव से लोकनाथ महतो को टिकट दिया गया है। रामगढ़ से रनंजय कुमार, डूमरी से प्रदीप साहू, गोमिया से लक्ष्मण नायक, टूंडी से विक्रम पांडेय को पार्टी ने उम्मीदवार बनाया है। जमशेदपुर पश्चिम से देवेंद्र सिंह को प्रत्याशी बनाया गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चौथी लिस्ट में तीन उम्मीदवारों के नाम घोषित किए थे।
इससे पहले बीजेपी की तीसरी लिस्ट में 15 उम्मीदवार के नामों का ऐलान किया गया था। इससे पहले दूसरी लिस्ट में सिर्फ एक उम्मीदवार का नाम दिया था। गौरतलब हो भाजपा ने पहली ही सूची में 52 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी थी। झारखंड में 30 नवंबर से शुरू हो रहे विधानसभा चुनाव के लिए करीब आधा दर्जन पूर्व नौकरशाह मैदान में हैं। जो पहली बार अभी किस्मत चुनावी मैदान में आजमा रहे हैं।
बता दें कि झारखंड में इस बार 5 चरणों में विधानसभा चुनाव होंगे। पहला चरण 30 नवंबर को शुरू होगा, जबकि 20 दिसंबर को आखिरी चरण के चुनाव है। वहीं नतीजा 23 दिसंबर को आएगा। झारखंड में 81 विधानसभा सीटें हैं।












Click it and Unblock the Notifications