BJP President: बीजेपी के अगले अध्यक्ष के लिए मंथन जारी, जानें कौन से नाम चर्चा में और कहां फंस रहा पेंच
BJP President: लोकसभा चुनाव 2024 के बाद ही बीजेपी के नए अध्यक्ष का चुनाव होना था। किसी एक नाम पर सहमति नहीं बन पाने की वजह से साल भर से ज्यादा का वक्त बीत गया है। हालांकि, तमिलनाडु, तेलंगाना और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में नए अध्यक्ष के नाम का ऐलान अब बस औपचारिकता भर है। अब अगली बारी राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम की ही है। दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन के लिए मंथनों का दौर जारी है।
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो संघ और पार्टी दोनों की सहमति से एक नाम पर मुहर लगाई जाएगी। यह भी कहा जा रहा है कि पार्टी के लिए सबसे अहम राज्यों में से एक उत्तर प्रदेश में भी नए अध्यक्ष के नाम का जल्द ऐलान कर दिया जाएगा।

BJP President: जेपी नड्डा के बाद किसे मिलेगी कमान?
बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल समाप्त हो चुका है। उन्हें 2020 में पार्टी की कमान सौंपी गई थी और उनके नेतृत्व में ही पार्टी ने 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ा। उनके अध्यक्ष रहते हुए पार्टी ने उत्तर प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र और दिल्ली जैसे राज्यों में विधानसभा चुनाव भी जीते हैं। इसी साल बिहार विधानसभा के चुनाव हैं और फिर उसके बाद पार्टी पश्चिम बंगाल में अपना पूरा फोकस रखना चाहती है। इसलिए राज्यों में नए प्रदेश अध्यक्ष भी बनाए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: 'बीजेपी-कांग्रेस एक जैसे हैं’ केजरीवाल ने दिलाई लोगों को शपथ, बोले- रेखा गुप्ता सरकार नहीं टिकेगी तीन साल
BJP President: नए अध्यक्ष से पहले जरूरी हैं ये औपचारिकताएं
- देश में 37 राज्य-केंद्र शासित प्रदेश हैं। पार्टी के संविधान के मुताबिक इनमें से कम से कम 19 राज्यों में संगठन के चुनाव की प्रक्रिया पूरी करनी होगी तभी नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव हो सकता है।
- संगठन इकाइयों में से 14 राज्यों में संगठनात्मक चुनाव प्रक्रिया पूरी हो गई है। महाराष्ट्र और तेलंगाना में भी नए अध्यक्ष के नाम के ऐलान की औपचारिकता भर बची है।
- बीजेपी के प्रदेश अध्यक्षों में सबसे ज्यादा मुश्किल उत्तर प्रदेश में नए नाम को लेकर हो रही है। मौजूदा उत्तर प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी का कार्यकाल खत्म हो गया है। 2027 में प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं और पार्टी जातीय समीकरणों के साथ संगठन क्षमता और साफ छवि देखते हुए फैसला लेना चाहती है।
यह भी पढ़ें: कोलकाता गैंगरेप पर सियासी संग्राम: बीजेपी ने ममता बनर्जी से मांगा इस्तीफा, CBI जांच की उठी मांग
BJP के नए अध्यक्ष के लिए इन नामों की चर्चा
धर्मेंद्र प्रधान: धर्मेंद्र प्रधान केंद्रीय मंत्री हैं और उन्हें पार्टी का समावेशी चेहरा माना जाता है। अमित शाह के करीबी लोगों में हैं और ओडिशा से आते हैं। संघ की पृष्ठभूमि से जुड़े हैं और संगठन के कामकाज में माहिर माने जाते हैं।
भूपेंद्र यादव: ओबीसी समुदाय से आते हैं और संघ से जुड़े होने की वजह से अनुशासित और कर्मठ माने जाते हैं। रणनीतिक सूझबूझ के साथ ही इन्हें अच्छा संगठनकर्ता भी माना जाता है। कई राज्यों में चुनाव प्रबंधन में अहम भूमिका निभाई है।
सुनील बंसल: सुनील बंसल ने 2014 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी की जिम्मेदारी निभाई थी। उत्तर प्रदेश में 2017 विधानसभा चुनाव में भी वह प्रदेश प्रभारी थे। संघ के करीबी हैं और कहा जाता है कि लो प्रोफाइल रहकर काम करने में यकीन रखते हैं।
सूत्रों के मुताबिक, आरएसएस ने पार्टी को स्पष्ट संदेश दिया है कि नए अध्यक्ष के चुनाव में रणनीतिक कौशल और संगठन क्षमता को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। जातीय समीकरण और क्षेत्रीय समीकरण जैसे मुद्दों के बजाय संगठन क्षमता और समावेशी कार्यप्रणाली को प्रमुखता देने की सलाह संघ ने बीजेपी हाई कमान को दी है।
यह भी पढ़ें: T Raja Singh Resigns: तेलंगाना बीजेपी अध्यक्ष मुद्दे पर बवाल, फायरब्रांड नेता टी.राजा सिंह ने पार्टी छोड़ी












Click it and Unblock the Notifications