‘बीजेपी-कांग्रेस एक जैसे हैं’ केजरीवाल ने दिलाई लोगों को शपथ, बोले- रेखा गुप्ता सरकार नहीं टिकेगी तीन साल
Arvind Kejriwal attack BJP: दिल्ली की सियासत में रविवार, 29 जून को एक बार फिर उबाल आ गया जब पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राजधानी के जंतर-मंतर से भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार हमला बोला। झुग्गी-झोपड़ियों पर बुलडोजर चलाने को लेकर MCD और दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) द्वारा चलाए जा रहे अभियान के खिलाफ AAP ने विशाल विरोध-प्रदर्शन का आयोजन किया।
इस प्रदर्शन का नेतृत्व खुद केजरीवाल ने किया और जमकर भाजपा और कांग्रेस दोनों पर निशाना साधा। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि दिल्ली की रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार गरीबों की झुग्गियां उजाड़कर उन्हें सड़कों पर ला रही है।

केजरीवाल ने कहा, "झुग्गियों में रहने वाले 40 लाख लोग अगर एकजुट हो जाएं, तो कोई सरकार उनकी झुग्गी नहीं गिरा सकती। अगर यही स्थिति रही, तो रेखा गुप्ता की सरकार तीन साल भी नहीं टिक पाएगी।"
उन्होंने साफ शब्दों में चेताया कि जिस तरह से कांग्रेस को जंतर-मंतर से उखाड़ फेंका गया था, अब वैसा ही हश्र भाजपा का होगा। उन्होंने भाजपा और कांग्रेस को एक ही सिक्के के दो पहलू बताते हुए कहा, "बीजेपी और कांग्रेस दोनों भाई-बहन की तरह हैं। इनका एक ही एजेंडा है - गरीबों को लूटना और अमीरों की सेवा करना।"
'बीजेपी और कांग्रेस को वोट नहीं देंगे' - दिलवाई कसम
इस विरोध सभा में अरविंद केजरीवाल ने उपस्थित लोगों को एक सामूहिक शपथ भी दिलवाई कि वे भविष्य में कभी भी न भाजपा को और न ही कांग्रेस को वोट देंगे। उनका कहना था, "आज यहां इकट्ठे हुए दिल्लीवासियों ने ये तय कर लिया है कि अब वे इन लूटेरी पार्टियों के बहकावे में नहीं आएंगे। अब समय जनता की सरकार का है - आम आदमी पार्टी का है।"
BJP-Congress पर केजरीवाल के तीखे आरोप:
बिजली-पानी पर हमला:
केजरीवाल ने दावा किया कि "मेरे घर के पास राष्ट्रपति भवन है, लेकिन वहां भी दिन में पांच बार बिजली जाती है। यह सरकार दिल्ली को अंधेरे में धकेल रही है। फ्री बिजली-पानी की योजनाएं बंद करने की साजिश हो रही है।"
शिक्षा व्यवस्था की दुर्दशा:
उन्होंने कहा, "हमारे शासन में दस साल तक किसी स्कूल की फीस नहीं बढ़ी, लेकिन अब निजी स्कूल मनमानी फीस वसूल रहे हैं। स्कूलों पर भाजपा का कब्जा है और शिक्षा का व्यापारीकरण हो रहा है।"
स्वास्थ्य सेवाओं पर हमला:
केजरीवाल ने आरोप लगाया कि "हमारे मोहल्ला क्लीनिक को नया नाम देकर आरोग्य मंदिर बना दिया गया है। नाम बदलने से सेवाओं की गुणवत्ता नहीं बढ़ती, यह तो जनता की आंखों में धूल झोंकने जैसा है।"
राजनीतिक बदले की कार्रवाई:
उन्होंने कहा, "हमारी सरकार को हटाने के बाद भाजपा लगातार बदले की राजनीति कर रही है। मनीष सिसोदिया और सौरभ भारद्वाज पर बेबुनियाद एफआईआर दर्ज की जा रही हैं। यह जनमत का अपमान है।"
दिल्ली में चल रहा है बुलडोजर राज
गौरतलब है कि दिल्ली में पिछले कुछ हफ्तों से अवैध कब्जों के खिलाफ MCD और DDA की ओर से बुलडोजर अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई में राजधानी के कई इलाकों में झुग्गी-झोपड़ियां हटाई जा चुकी हैं, जिससे हजारों गरीब परिवार बेघर हो गए हैं। इन कार्रवाइयों को लेकर विपक्षी पार्टियां लगातार सरकार को कठघरे में खड़ा कर रही हैं।
केजरीवाल का खुला ऐलान: "बड़ा आंदोलन करेंगे"
केजरीवाल ने मंच से स्पष्ट किया कि अगर झुग्गियों को तोड़ने का अभियान नहीं रोका गया, तो आम आदमी पार्टी इससे भी बड़ा आंदोलन शुरू करेगी, जैसा कांग्रेस के खिलाफ किया गया था। उन्होंने कहा, "झुग्गियों में रहने वाले दूधवाले, सब्जीवाले, ऑटोवाले हैं - अगर ये सब सड़कों पर उतर आए तो बीजेपी की नानी याद आ जाएगी। हम ऐसा आंदोलन करेंगे कि इनका सिंहासन हिल जाएगा।"
जंतर-मंतर से अरविंद केजरीवाल का यह भाषण ना सिर्फ दिल्ली की राजनीति को गरमा गया, बल्कि आने वाले समय में नगर निगम और विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा के सामने एक बड़ी चुनौती बनकर उभरा है। झुग्गियों को उजाड़ने की कार्रवाई के खिलाफ आम आदमी पार्टी अब आक्रामक मुद्रा में है और गरीब वोटबैंक को अपने साथ जोड़ने के लिए मैदान में उतर चुकी है। अब देखना यह होगा कि दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार इस जनाक्रोश का सामना कैसे करती है।












Click it and Unblock the Notifications