कोलकाता गैंगरेप पर सियासी संग्राम: बीजेपी ने ममता बनर्जी से मांगा इस्तीफा, CBI जांच की उठी मांग
kolkata Law Student Case: कोलकाता के साउथ लॉ कॉलेज में एक छात्रा के साथ हुए निर्मम गैंगरेप मामले ने अब राजनीतिक तूफान खड़ा कर दिया है। जहां एक ओर पूरे राज्य में इस घटना को लेकर आक्रोश फैल रहा है, वहीं दूसरी ओर विपक्ष ने ममता बनर्जी सरकार पर महिलाओं की सुरक्षा में विफल रहने का आरोप लगाते हुए कड़ा रुख अपनाया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने ममता बनर्जी को सीएम पद से इस्तीफा देने की मांग की है। वहीं दूसरी ओर CBI जांच की भी मांग उठ रही है। एक वकील ने याचिका डाली है कि सुप्रीम कोर्ट को मामले पर स्वत: संज्ञान लेना चाहिए।
भाजपा ने इस घटना को लेकर राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से तत्काल इस्तीफे की मांग की है। बीजेपी ने आरोप लगाया है कि तृणमूल कांग्रेस (TMC) सरकार लगातार ऐसे मामलों में दोषियों को बचाने की कोशिश करती रही है और महिला सुरक्षा के मामले में बार-बार असफल रही है। भाजपा ने कहा, "राज्य में जब एक महिला मुख्यमंत्री हैं, तब भी अगर महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं, तो यह सरकार की पूरी तरह से नाकामी है।"

"बलात्कारियों को बचाने की कोशिश कर रही है सरकार"
बीजेपी ने यह भी आरोप लगाया कि TMC के प्रभावशाली कार्यकर्ताओं और नेताओं का नाम सामने आने पर प्रशासन मामले को दबाने की कोशिश करता है। बीजेपी ने कहा कि हर बार जब कोई सनसनीखेज मामला सामने आता है, सरकार की प्राथमिकता होती है आरोपियों को बचाना, न कि पीड़िता को न्याय दिलाना।
घटना के कई दिन बाद तक मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की ओर से कोई सीधा बयान नहीं आया, जिससे जनता और विपक्ष में आक्रोश और बढ़ गया है। बीजेपी नेताओं ने कहा, "जब बंगाल की बेटियों पर अत्याचार होता है, तो मुख्यमंत्री क्यों चुप रहती हैं? क्या उनका महिला होने का दायित्व केवल चुनावी भाषणों तक सीमित है?"
कोलकाता लॉ छात्रा गैंगरेप मामला: CCTV फुटेज से आरोपों की पुष्टि, अब तक 4 गिरफ्तार
कोलकाता की लॉ छात्रा से गैंगरेप के सनसनीखेज मामले में CCTV फुटेज ने आरोपों की पुष्टि कर दी है। जांच में सामने आया है कि कॉलेज परिसर में लगे कैमरों में 25 जून को दोपहर 3:30 बजे से रात 10:50 बजे तक की करीब सात घंटे की रिकॉर्डिंग मौजूद है।
एक जांच अधिकारी के अनुसार, फुटेज में स्पष्ट दिख रहा है कि पीड़ित छात्रा को जबरन गार्ड रूम में ले जाया गया, जो कि उसकी लिखित शिकायत के आरोपों की पुष्टि करता है।
जहां यह भयावह घटना अंजाम दी गई, उस गार्ड रूम के सुरक्षा गार्ड को 28 जून को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि पूछताछ के बाद गार्ड की संलिप्तता सामने आने पर उसे हिरासत में लिया गया। इस मामले में अब तक कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए 27 जून को गठित स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) को और मजबूती दी गई है। पहले 5 सदस्यों की टीम थी, जिसे बढ़ाकर अब 9 सदस्यीय कर दिया गया है। इस टीम की अगुवाई ACP प्रदीप कुमार घोषाल कर रहे हैं।
घटना 25 जून को कॉलेज की इमारत के ग्राउंड फ्लोर स्थित गार्ड रूम में घटी थी। मुख्य आरोपी मोनोजीत मिश्रा (31) है, जो कॉलेज का पूर्व छात्र है। उसके साथ दो वर्तमान छात्र-जैब अहमद (19) और प्रमित मुखर्जी (20)-भी घटना में शामिल थे।












Click it and Unblock the Notifications