बीजेपी का मिशन 2019, आज से 'गांव-गांव, पांव-पांव' पदयात्रा की शुरुआत
नई दिल्ली। आगामी लोकसभा चुनावों के दौरान साल 2014 की कामयाबी को दोहराने की कोशिश में जुटी भारतीय जनता पार्टी गांव-गांव तक जाने का अभियान शुरू करने जा रही है। लोकसभा चुनावों को देखते हुए पार्टी एक दिसंबर से उत्तर प्रदेश, झारखंड और बिहार के 400 से अधिक विधानसभा क्षेत्रों में पदयात्रा शुरू करने जा रही है। बीजेपी ने इस अभियान के लिए 'पहले हम गांव-गांव चले-अब पांव-पांव चलेंगे' का नारा भी दिया है।

400 से अधिक विधानसभा क्षेत्रों में 'गांव-गांव, पांव-पांव' यात्रा
2019 के लोकसभा चुनाव में ग्रामीण क्षेत्रों पर बीजेपी खास जोर दे रही है। इसलिए पदयात्रा के दौरान बीजेपी कार्यकर्ता और नेता घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करेंगे और मोदी सरकार के कार्यों को बताने का काम करेंगे। इस पदयात्रा के दौरान प्रत्येक विधानसभा में 150 कार्यकर्ताओं को चिह्नित कर उनकी 6-6 टोलियां बनाई जाएंगी। प्रत्येक टोली में 25 कार्यकर्ता रहेंगे और ये और हर गांव के प्रत्येक बूथ पर जाएंगे।

बीजेपी कार्यकर्ता विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से करेंगे संपर्क
उत्तर प्रदेश में बीजेपी के कार्यकर्ता मोदी सरकार और योगी सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क करेंगे। पदयात्रा के दौरान सरकार के कई मंत्री, विधायक और कार्यकर्ता अलग-अलग गांवों में लोगों से संपर्क करेंगे। ये लोग लोकसभा चुनाव के दौरान एक बार फिर बीजेपी को जीत दिलाने की अपील करेंगे।

लोकसभा चुनाव को देखते हुए बीजेपी का जनसंपर्क अभियान तेज
उत्तर प्रदेश में ये पदयात्रा 1 से 15 दिसंबर तक आयोजित की जाएगी। खबर है कि लोकसभा चुनाव की तैयारियों के अगले चरण में पार्टी कमल विकास ज्योति अभियान चलाएगी। साथ ही कमल संदेश बाइक रैली के जरिए कार्यकर्ताओं को एकजुट करने और ग्रामीण इलाकों में संपर्क बढ़ाने पर जोर देगी। आगामी चुनावों को देखते हुए सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क करने के लिए अलग-अलग इलाकों में बीजेपी कार्यकर्ताओं की टोली जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications