BJP के नेशनल प्रेसिडेंट के लिए PM मोदी के 'दोस्त' का नाम सबसे आगे, क्या ओम प्रकाश माथुर होंगे नए अध्यक्ष?
BJP New National President: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के स्वास्थ्य मंत्री बनने के बाद भाजपा को अब नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की तलाश करनी है। सभी के मन में अब ये सवाल है कि भाजपा अब किसे राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद सौंपेगी। बीजेपी अध्यक्ष के पद के लिए तीन नामों की चर्चा तेज है। ये नाम हैं, ओम प्रकाश माथुर, सुनील बंसल और फग्गन सिंह कुलस्ते का।
जहां फग्गन सिंह कुलस्ते मध्य प्रदेश के बड़े दलित नेता हैं। चुनाव जीतने के बाद भी उन्हें कोई मंत्री पद नहीं दिया गया है। बड़े दलित नेता होने के नाते ऐसे कयास लगाए जा रहे थे कि उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जा सकता है। बीजेपी का ऐसा रिकॉर्ड रहा है कि वो किसी सांसद को ही अध्यक्ष का पद सौंपते हैं।

कुलस्ते के साथ-साथ सुनील बंसल-ओम प्रकाश माथुर रेस में
कुलस्ते के साथ-साथ सुनील बंसल और ओम प्रकाश माथुर का नाम भी अध्यक्ष पद की रेस में है। दोनों ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से संबंधित हैं। सुनील बंसल को संघ की भी पहली पसंद माना जा रहा है। बंगाल और आंध्र प्रदेश में भाजपा के लिए जमीन तैयार करने का मुख्य सूत्रधार रहे हैं। साथ ही साथ उन्हें एक बेहतरीन संगठनकर्ता माना जाता है।
दूसरी ओर, बीजेपी की पहली पसंद ओम प्रकाश माथुर हैं। माथुर भी संघ के बैकग्राउंड से हैं लेकिन अब वो भाजपा में सक्रिय हैं। बता दें, ओम प्रकाश माथुर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बेहद करीबी भी माने जाते हैं। ऐसी बातें निकल कर सामने आ रही हैं कि संघ भी करीब-करीब ओम प्रकाश माथुर के नाम को लेकर राजी है।
18वीं लोकसभा चुनाव के परिणाम के बाद आरएसएस और बीजेपी के बीच सब कुछ ठीक नजर नहीं आ रहा था। आरएसएस चीफ से लेकर वरिष्ठ नेताओं तक ने अप्रत्यक्ष रूप से भाजपा पर निशाना साधा था। हालांकि, अब सब ठीक होता नजर आ रहा है। जेपी नड्डा लंबे समय के बाद संघ के एक कार्यक्रम में शरीक होने वाले हैं।
क्यों अध्यक्ष पद के लिए ओम प्रकाश माथुर का नाम तय माना जा रहा है?
ओम प्रकाश माथुर बीजेपी के नए अध्यक्ष के रूप में तय माने जा रहे हैं। वजह है बीजेपी और संघ दोनों का उनके नाम पर सहमत होने का। हालांकि, संघ की पहली पसंद सुनील बंसल माने जा रहे थे लेकिन आरएसएस माथुर के नाम पर भी सहमति जता सकती है। साथ-ही-साथ माथुर पीएम मोदी के करीबी भी माने जाते हैं।
भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता माथुर भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रह चुके हैं। साल 2008 से 2009 तक राजस्थान भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष भी रहे हैं। बीते साल, भाजपा के राजस्थान विधानसभा में जीत दर्ज करने के बाद उनके सीएम बनने की चर्चा तेज थी। हालांकि, मुख्यमंत्री पद उन्हें नहीं सौंपा गया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम को लेकर भाजपा की ओर से अभी तक आधिकारिक बयान नहीं आया है। भाजपा चर्चा में चल रहे नामों में से किसी एक को अपना राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाएगी या फिर किसी नए नाम की सरप्राईज इंट्री होगी ये आने वाला वक्त ही बताएगा।












Click it and Unblock the Notifications