भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में किसान, गरीब, विकास रहे मुद्दा
ओडिशा में भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में केंद्र सरकार की तारीफ, जाति धर्म से उपर उठकर लोगों ने विकास के लिए दिया वोट
भुवनेश्वर। भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक ओडिशा के भुवनेश्वर में चल रही है, कार्यकारिणी की बैठक का आज दूसरा और अंतिम दिन है। बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा की गई जिसमें केंद्र सरकार के कामों पर संतुष्टि जाहिर की गई है। इस बैठक में एक जो बड़ी बात उठी वह यह कि पिछली कांग्रेस सरकार ने पिछड़ा वर्ग लिए वास्तविक धरातल पर कोई काम नहीं किया है और ना ही पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा दिलाया है। इसके साथ ही भाजपा की दूसरी कार्यकारिणी की बैठक की तारीख का भी ऐलान कर दिया गया। अगली राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक 15-16 जुलाई को विशाखापट्टनम में होगी।

धर्म-जाति से उपर उठकर लोगों ने किया वोट
भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में केंद्र सरकार को बधाई देने का प्रस्ताव रखा गया। बैठक में कहा गया कि कांग्रेस ने अल्पसंख्यकों और पिछड़ा वर्ग के नाम पर सिर्फ राजनीति की है, लेकिन हम पिछड़ा वर्ग को संवैधानिक दर्जा देने का काम करेंगे और इसके लिए हम प्रतिबद्ध हैं। आज बैठक में कई आर्थिक और राजनीतिक प्रस्ताव रखे गए, जिसमें से एक था लोगों ने जाति और धर्म से उपर उठकर विकास के लिए वोट दिया है।
प्रस्ताव में कहा गया कि हाल ही में जो चुनाव हुए हैं उससे साफ है कि केंद्र सरकार की लोकप्रियता में कमी नहीं हुई है। पीएम मोदी के लिए देश के गरीबों में विश्वास बढ़ा है। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के समय गरीबों का रुझान जिस तरह से कांग्रेस के पास था वैसे ही अब गरीब आशा के साथ भाजपा के साथ जुड़े हैं और उन्होंने 2014 में भाजपा को अपना वोट दिया है।

पहली बार मिला लोगों का दोबारा समर्थन
बैठक में पार्टी के नेताओं ने माना कि ऐसा पहली बार हुआ कि है जितने वोट पार्टी को लोकसभा चुनाव के दौरान मिले थे उतने ही वोट विधानसभा चुनाव में भी पार्टी को मिले हैं, इसके पीछे की अहम विजह नोटबंदी, कालाधन के खिलाफ लड़ाई जैसे मुद्दों को अहम बताया गया। भाजपा ने इस बैठक में माना है कि हमारी सरकार ने गरीबों के कल्याण के लिए काम किया है और उन्हीं के लिए समर्पित है।

केंद्र की योजनाओं की हुई तारीफ
केंद्र सरकार की योजनाओं के तहत जनधन में 28 करोड़ खाते, आधार, मनरेगा की राशि में 48% बढ़ोत्तरी जोकि लोगों के खाते में सीधे जा रही है, 63000 करोड़ रुपए जनधन खातों के जरिए सीधे लोगों तक पहुंच रहे हैं। मुद्रा योजना, उज्जवला योजना आदि गरीबों के लिए काफी कारगर साबित हुई हैं, जिसका लाभ पार्टी को हाल के चुनाव में मिला है। इसके अलावा आज बैठक में योग दिवस और जीएसटी पर भी चर्चा की गई। आज प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन के बाद कार्यकारिणी की बैठक समाप्त होगी।

पेश किए गए राजनीतिक प्रस्ताव
आज हुई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीज ने कई राजनीतिक प्रस्ताव रखे, जिसमें केंद्र सरकार की योजनाएं कैसे बेहतर तरीके से लागू हो, जिन राज्यों में जीत मिली वहां कैसे योजनाएं बनाई जाए, गुजरात, हिमाचल के चुनाव में कैसे नीति बनाई जाए, गरीबों और पिछड़ों के लिए योजनाओं को कैसे लागू कराया जाए, मणिपुर, ओडिशा की जीत के बाद पार्टी पूरे देश की पार्टी बन गई है आदि।












Click it and Unblock the Notifications