BJP सांसद सुब्रमण्यम स्वामी को मिल रहे हैं 'भद्दे' ट्वीट, PMO को बताया इसका जिम्मेदार
नई दिल्ली, 07 मई। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सांसद सुब्रमण्यम स्वामी देश में कोरोना वायरस महामारी की भयावहता को लेकर लगातार सोशल मीडिया पर ट्वीट कर रहे हैं। अपनी सरकार की नीतियों पर सवाल उठाने से भी उन्हें गुरेज नहीं है। बीते गुरुवार स्वामी ने दावा किया कि कोरोना वायरस की तीसरी लहर का बच्चे सबसे अधिक शिकार होंगे, उनके इस ट्वीट ने सनसनी फैला दी थी। अब सुब्रमण्यम स्वामी के एक और ट्वीट ने राजनीतिक गलियारे में हलचल मचा दी है, अपने पोस्ट में उन्होंने प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के अधिकारी और आईटी सेल पर गंभीर आरोप लगाया है।

सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहने वाले बीजेपी सांसद सुब्रमण्यम स्वामी कई मौकों पर अपनी ही सरकार को घेरते देखे गए हैं। शुक्रवार की शाम उन्होंने एक ट्वीट कर सबको चौंका दिया। सुब्रमण्यम ने लिखा, 'हमेशा की तरह पीएमओ ऑफिसर ट्विटर पर मुझ पर निशाना साधने के लिए आईटी सेल द्वारा कंप्यूटर जनरेटेड ट्वीट का इस्तेमाल कर रहे हैं। पेड हैक्स के नाम पर वह गंदे ट्वीट के जरिए मुझ पर हमला कर रहे हैं। जैसा व्यवहार वो लोग मेरे साथ करेंगे वैसा मैं उनके साथ करूंगा।' सुब्रमण्यम स्वामी का यह ट्वीट अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
यह भी पढ़ें: Kanpur से बीजेपी सांसद सत्यदेव पचौरी ने सीएम योगी को लिखा पत्र, जताई अनहोनी की आशंका
पीएम मोदी पर साधा था निशाना
बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब बीजेपी सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने अपनी ही सरकार को आड़े हाथ लिया है, इससे पहले भी कई बार वह केंद्र की नीतियों को लेकर बयानबाजी करते रहे हैं। मार्च में उन्होंने सीधे तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ ही मोर्चा खोल दिया था। एक ट्विटर यूजर के सवाल का जवाब देते हुए बीजेपी सांसद ने कहा, 'कश्मीर पर सरेंडर कर दिया। पीओके को गुड बाय कह दिया। मुझे पूरा यकीन है कि जल्द ही मोदी लंदन में इमरान खान के साथ डिनर करेंगे।' उन्होंने यह ट्वीट भारत-पाकिस्तान के बीच व्यापारिक संबंधों में सुधार की संभावनाओं के बाद किया था।












Click it and Unblock the Notifications