Padmavati Row: भाजपा विधायक ने शशि थरूर को कहे अपशब्द, मिलते ही थप्पड़ मारने की धमकी
नई दिल्ली। महाराष्ट्र के एक भाजपा विधायक ने कांग्रेस सांसद शशि थरूर को अपशब्द कहते हुए थप्पड़ मारने की धमकी दी है। भाजपा विधायक ने ऐसा शशि थरूर की राजपूतों को लेकर हाल में की गई टिप्पणी पर कहा है। संजय लीला भंसाली की आने वाली फिल्म 'पद्मावती' को लेकर चल रहे विवाद के बीच शशि थरूर ने राजपूतों पर टिप्पणी की थी। इससे पहले कुछ संगठन संजय लीला भंसाली का गला काटने और दीपिका पादुकोण की नाक काटने पर ईनामात का ऐलान भी कर चुके हैं।

महाराष्ट्र की मुंबादेवी विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के विधायक राज पुरोहित ने शनिवार को एक सम्मेलन में कहा कि वो शशि थरूर को जरूर पीटेंगे। पुरोहित ने कहा 'मैं विधायक हूं, मुझे मर्यादा में रहना चाहिए लेकिन गुस्सा है और ये भंसाली के लिए नहीं है, मैं भंसाली को नहीं मारूंगा लेकिन थरूर को जरूर पीटूंगा। अगर अंग्रेजों से राजपूत नहीं लड़े तो क्या थरूर का बाप लड़ा था। ये शशि थरूर, इसने एक तो अपनी बीवी को मारा और अब ये सब बकवास।' विधायक राज पुरोहित ने करणी सेना की महाराष्ट्र इकाई की मौजूदगी में यह सम्मेलन किया था। करणी सेना पद्मावती की रिलीज को विरोध कर रही है।
आपको बता दें कि शशि थरूर ने राजपूत संगठनों के फिल्म की रिलीज को लेकर किए जा रहे विरोध पर सवाल खड़े किए थे और कहा था कि ऐसे कई मौके आए जब राजपूतों ने अंग्रेजों की मदद की। इस पर उनको काफी विरोध का सामना करना पड़ रहा है।
आपको बता दें कि संजय लीला भंसाली की फिल्म 'पद्मावती' को लेकर लगातार विवाद हो रहा है। खासतौर से राजस्थान में राजपूतों के कई संगठन फिल्म को लेकर कड़ा विरोध कर रहे हैं। फिल्म की शूटिंग के समय भी हिंसा हुई थी। कई संगठनों ने फिल्म के रिलीज होने पर सिनेमाघरों में तोड़फोड़ करने की धमकी दी है।












Click it and Unblock the Notifications