'राम मंदिर की जगह बाबरी का निर्माण...', हिमंत बिस्वा सरमा ने साधा कांग्रेस पर निशाना, कहा-हमारा एजेंडा लंबा है
Lok Sabha Election, Ram Mandir: लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार-प्रसार का दौर चल रहा है। राम मंदिर इस बार भी चुनावी मुद्दा बना हुआ है। चुनाव प्रचार के बीच बीजेपी के एक वरिष्ठ नेता ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए दावा किया कि कांग्रेस राम मंदिर की जगह बाबरी मस्जिद बनवाना चाहती है।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने गुरुवार को दावा करते हुए कहा कि कांग्रेस अयोध्या में राम मंदिर के स्थान पर बाबरी मस्जिद का पुनर्निर्माण कर सकती है। ओडिशा के मलकानगिरी में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए, बीजेपी नेता ने मस्जिद के पुनर्निर्माण को रोकने के लिए जनता से भाजपा को 400 सीटें जिताने का आग्रह किया।
यह भी देखें: दो पत्नी वालों को 2 लाख रुपए सालाना, कांग्रेस प्रत्याशी कांतिलाल भूरिया ने ऐसा बयान क्यों दिया

समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, "लोग हमसे पूछते हैं कि हम 400 सीटें क्यों चाहते हैं। हमें 400 सीटें चाहिए क्योंकि कांग्रेस राम मंदिर की जगह बाबरी मस्जिद का पुनर्निर्माण करा सकती है। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि भारत में बाबरी मस्जिद का पुनर्निर्माण कभी न हो। यही कारण है कि हमें पीएम मोदी को 400 से अधिक सीटें देनी होंगी और उन्हें पीएम बनाना होगा।"
बीजेपी नेता ने कहा कि उनकी पार्टी राम मंदिर के निर्माण पर नहीं रुकेगी
उन्होंने कहा, "पहले, कांग्रेस हमसे तारीख पूछती थी कि राम मंदिर कब बनेगा। अब उन्होंने इसके बारे में पूछना बंद कर दिया है... कांग्रेस जानती है कि हम राम मंदिर पर रुकने वाले नहीं हैं, हमें अपने देश के हर मंदिर को मुक्त कराना होगा। हमारा एजेंडा लंबा है।"
2019 में सुप्रीम कोर्ट ने अयोध्या में विवादित स्थल पर राम मंदिर बनाने का आदेश दिया. इसी साल जनवरी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंदिर का उद्घाटन किया था। इस महीने की शुरुआत में, पीएम मोदी ने दावा किया था कि वह कांग्रेस को राम मंदिर पर बाबरी ताला लगाने से रोकने के लिए 400 लोकसभा सीटें चाहते हैं।
उन्होंने कहा, "मोदी 400 सीटें चाहते हैं ताकि कांग्रेस खेल खराब करने के लिए अनुच्छेद 370 वापस न लाए, मोदी 400 सीटें चाहते हैं ताकि कांग्रेस अयोध्या में राम मंदिर पर बाबरी ताला न लगा दे।"
'पीएम मोदी झूठ बोल रहे हैं'
गुरुवार को प्रियंका गांधी वाद्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री झूठ बोल रहे हैं और कांग्रेस सुप्रीम कोर्ट के फैसले का सम्मान करेगी। उन्होंने कहा, "यह सरासर झूठ है। कांग्रेस पार्टी ने कई बार कहा है कि वह अदालत के फैसले का सम्मान करेगी। हमने यह (अतीत में) किया है, और आगे भी भविष्य में ऐसा ही करेंगे।"
यह भी देखें: 'कांग्रेस जादूगर की तरह केवल चुनाव में आती है', खंडवा में बोले सीएम मोहन यादव












Click it and Unblock the Notifications