दो पत्नी वालों को 2 लाख रुपए सालाना, कांग्रेस प्रत्याशी कांतिलाल भूरिया ने ऐसा बयान क्यों दिया
Congress candidate Kantilal Bhuria: पूर्व केंद्रीय मंत्री और रतलाम झाबुआ लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी ने चुनाव प्रचार के दौरान दो पत्नी वालों के लिए बड़ी घोषणा की। दरअसल, कांतिलाल भूरिया ने अपने भाषण के दौरान कहा कि जिस व्यक्ति की दो पत्नी है, उसे दो लाख रुपए सालाना दिए जाएंगे।
इसके अलावा कांग्रेस ने चुनावी घोषणा पत्र में सभी महिलाओं के खाते में एक-एक लाख रुपए देने की बात कही है।कांतिलाल भूरिया के बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में बयान बाजी का दौड़ शुरू हो गया है। भाजपा ऐसे तुष्टीकरण बता रही है। वहीं कांग्रेस के कई दिग्गज नेता कांतिलाल भूरिया के बयान का समर्थन करते हुए नजर आ रहे हैं।

भूरिया ने यह बात गुरुवार को रतलाम के सैलाना में चुनावी सभा में कही। कार्यक्रम में पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी भी मौजूद थे। मंच से ही पटवारी ने भूरिया के बयान का समर्थन किया। कहा, 'आपके जो भावी सांसद हैं भूरिया जी, इन्होंने अभी भयंकर घोषणा कर दी। जिसकी दो पत्नियां हैं, उसको डबल।'
भूरिया के इस बयान को भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने तुष्टिकरण की राजनीति बताया है। उन्होंने 'X' पर लिखा, 'तुष्टिकरण के लिए बहुसंख्यक हिंदुओं को सरेआम बेइज्जत करने के लिए अब कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, दिग्विजय सिंह और विक्रांत भूरिया ने मंच का सहारा लेना शुरू कर दिया है।'
पूर्व मंत्री भूरिया ने इस तरह कहा, 'भाजपा के लोग मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को बर्बाद कर दिया है। हमारे आदिवासी समाज के लोगों के साथ अपमान किया गया है। भाजपा नेताओं ने आदिवासी परिवारों को 10 फीट के गड्ढे में धकेल दिया है। देवास जिले में दो साल की बच्ची को जिंदा दफना दिया गया। सीधी में एक आदिवासी भाई पर भाजपा नेता पेशाब कर रहा था, तब भी वे मौन बने रहे।'

पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने कहा कि आज सोयाबीन का भाव देखिए उसमें ज्यादा फर्क नहीं आया परंतु सोयाबीन का तेल कांग्रेस की सरकार के समय ₹50 का मिलता था वह आज 140 रुपए का मिल रहा है यानी किसान की आय में वृद्धि नहीं हुई लेकिन महंगाई बढ़ गई और भाजपा को चंदा देने वाले उद्योगपतियों का फायदा हुआ। आज मोदी जी में घबराहट है इसलिए आज कह रहे हैं कि कांग्रेस को टेंपो में नोट भरके भेजे जा रहे हैं, 10 साल में 22 अरबपति खरबपति हो गए परंतु आम आदमी गरीब होता चला गया, हम अरबपति से ख़रब पति नहीं बनाएंगे लेकिन करोड़ों लोगों को हम लखपति बनाएंगे, हर गरीब महिला एवं पढ़े लिखे नौजवान को ₹100000 सालाना हम देंगे। आज रोजगार के लिए पलायन करना पड़ रहा है, कांग्रेस पार्टी ₹3 में किरोसीन का तेल देती थी, आज बिजली जाने पर डेढ़ सौ रुपए का तेल जलाना पड़ता है तब रोशनी होती है, इनकी सारी योजनाएं गरीब विरोधी है।
सिंह ने कहा कि भाजपा जल,जंगल और जमीन पर कब्जा करना चाहती है, आज जमीन का अधिग्रहण होने पर चार गुना मुआवजा नहीं दिया जा रहा, हमने कानून बनाया था इन्होंने रद्द किया। आज आप विचार करिए कि कौन सी पार्टी उद्योगपतियों के लिए काम करना चाहती है, उनको अमीर बनना चाहती है और कौन सी पार्टी गरीबों के लिए काम करती है और गरीब की मदद करना चाहती है। इन 10 सालों में उद्योगपतियों के 16 लाख करोड रुपए तो माफ हुए परंतु किसान का ₹1 भी माफ नहीं हुआ ये दलित, आदिवासी विरोधी मानसिकता के लोग हैं। भाजपा के लोग कहते हैं कि हम रामलला को ले आए लेकिन देश के करोड़ों रुपए लेकर जो लोग भाग गए ये उनको नहीं ला पाए, ये श्री राम की बात क्या करेंगे। ये लोग धर्म का दुरुपयोग करके गरीब को और गरीब बना रहे हैं।

वहीं जीतू पटवारी ने कहा कि नरेंद्र मोदी जी प्रदेश में 2023 में जब वे आए थे तो 2700 रुपए गेहूं के दाम की गारंटी, 3100 रुपए के धान की गारंटी, 3000 रू. बहनों को देने की गारंटी दी थी,450 के सिलेंडर की गारंटी दी थी और यह झूठ ही मोदी जी की गारंटी है। चीन के माल जैसी गारंटी मोदी जी की गारंटी झूठ की गारंटी ही मोदी जी की गारंटी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपको फोकट का अनाज मिल रहा है, जनता का इससे बड़ा अपमान और क्या हो सकता है? कांग्रेस पार्टी की जब सरकार थी तब 35 किलो मिलता था अब 5 किलो कर दिया, मुख्यमंत्री को शर्म आनी चाहिए आदिवासियों को ऐसा अपमान करते हुए।












Click it and Unblock the Notifications