स्मृति ईरानी की तरफ आक्रामक भाव भंगिमा बनाने पर कांग्रेस सांसदों से माफी की मांग
स्मृति ईरानी की तरफ आक्रामकता पर कांग्रेस सांसदों से माफी की मांग
नई दिल्ली। संसद में सोमवार को सत्तापक्ष की ओर से एक बार फिर मांग की गई है कि कांग्रेस के दो सांसद स्मृति ईरानी से माफी मांगे। कांग्रेस सांसद टीएन प्रतापन और डीन कुरियाकस पर शुक्रवार को लोकसभा की कार्यवाही के दौरान केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की तरफ आक्रामक भाव भंगिमा बनाने के आरोप लगाए गए हैं। सोमवार को गृहमंत्री अमित शाह ने मामले को उठाया। उन्होंने स्मृति ईरानी से लोकसभा में हुए दुर्व्यवहार पर कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी से माफी की मांग की।

टीएन प्रतापन और डीन कुरियाकस केरल से लोकसभा सांसद हैं। दोनों पर निलंबन की भी तलवार लटक गई है। संसदीय कार्यमंत्री प्रह्लाद जोशी ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को नियम 374 के तहत नोटिस दिया है। नोटिस में मांग की गई है कि दोनों संसद सदस्य सदन में या तो स्मृति ईरानी से बिना शर्त माफी मांगें नहीं तो उन्हें नियम 374 के तहत 5 पांच दिन के लिए सस्पेंड किया जाए।
शुक्रवार को लोकसभा में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और कांग्रेस सांसदों के बीच नोकझोंक हुई थी। उत्तर प्रदेश के उन्नाव में बलात्कार पीड़िता जिंदा जलाये जाने की घटना को लेकर बहस के दौरान ये हंगामा बढ़ा था। इसके बाद सदन की कार्यवाही भी स्थगित करनी पड़ी थी।
शुक्रवार को लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी उन्नाव में बलात्कार पीड़िता को जला देने का मामला उठा रहे थे। इस पर स्मृति ईरानी ने कहा कि बलात्कार जैसी घटनाओं पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्नाव पर बोलने वाले पश्चिम बंगाल पर क्यों चुप हैं? इस पर कांग्रेस सदस्यों की ओर से भी टिप्पणी की गई और हंगामा हुआ। ईरानी के बयान के दौरान कांग्रेस के कुछ सदस्य विरोध करते हुए अपनी सीट से उठकर आसन की ओर बढ़ने लगे। इस पर ईरानी ने कहा कि उन्हें इस सदन का सदस्य होने के नाते अपनी बात रखने का अधिकार है और स्मृति ईरानी भी अपनी सीट से उठकर बाहर आ गईं।
इसके बाद भाजपा की ओर से टीएन प्रतापन और डीन कुरियाकस पर अभद्रता करने का आरोप लगाया गया। भाजपा सदस्यों ने कहा कि कांग्रेस के दोनों सांसद आस्तीन चढ़ाकर मारने के अंदाज में ईरानी के सामने आए। ईरानी ने इस पर कहा कि जो उनके साथ लोकसभा में हुआ वो हैरान करने वाला है, विपक्ष ने उनको महिलाओं के हितों पर बोलने से रोकने का काम किया है।












Click it and Unblock the Notifications