Rahul Gandhi London Speech: 'आज की राजनीति के मीर जाफर हैं राहुल गांधी', भाजपा का बड़ा हमला
BJP Compares Rahul Gandhi With Mir Jafar: भाजपा ने राहुल गांधी पर अपने हमले तेज करते हुए कहा है कि वो आज की राजनीति के मीर जाफर हैं और उन्हें माफी मांगनी ही होगी।

राहुल गांधी के लंदन में दिए भाषण के मुद्दे पर संसद में मचे घमासान के बीच भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस सांसद की तुलना मीर जाफर से की है। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हए कहा कि राहुल गांधी को अपने भाषण के लिए संसद के अंदर माफी मांगनी ही होगी। संबित पात्रा ने कहा, 'वो हमेशा देश का अपमान करते हैं। राहुल गांधी आज की भारतीय राजनीति के मीर जाफर हैं। उन्होंने देश की गरिमा का अपमान किया और विदेशी शक्तियों से देश के मामले में हस्तक्षेप करने के लिए कहा।'
संबित पात्रा ने आगे कहा, 'कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी लगातार देश के खिलाफ साजिश रचने की कोशिश में लगी है। रिकॉर्ड देखें तो पता चलता है कि संसद में उनकी हाजिरी सबसे कम है लेकिन वो विदेश जाकर कहते हैं कि उन्हें सदन में बोलने नहीं दिया जाता।' गौरतलब है कि राहुल गांधी ने लंदन की कैंब्रिज यूनिवर्सिटी में दिए अपने भाषण में कहा था कि भारत में संसद के अंदर विपक्ष जब सरकार के खिलाफ आवाज उठाता है तो उन्हें बोलने नहीं दिया जाता और माइक बंद कर दिया जाता है।
'हम सुनिश्चित करेंगे कि राहुल माफी मांगें'
राहुल गांधी को निशाने पर लेते हुए संबित पात्रा ने कहा, 'हर किसी को ये सोचने की जरूरत है कि भाजपा आखिर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी से माफी मांगने के लिए क्यों कह रही है। राहुल गांधी विदेश जाते हैं और वहां जाकर देश के आंतरिक मामलों में विदेशी हस्तक्षेप की बात करते हैं, तो स्वाभाविक सी बात है कि देश इसे कई स्वीकार नहीं करेगा। भाजपा का ये कर्तव्य है कि वो इस मुद्दे को उठाए। राहुल गांधी को माफी मांगनी होगी और हम इस बात को सुनिश्चित करेंगे कि वो माफी मांगें।'
'मेहुल चौकसी को सुरक्षा देने वाले देशभक्ति की बात कर रहे'
वहीं, संबित पात्रा के बयान पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़ने ने भी पलटवार किया है। मल्लिकार्जुन खड़ने ने कहा, 'राहुल गांधी माफी नहीं मागेंगे। हम संसद के अंदर अपनी एक ही मांग को बार-बार उठाएंगे, जब तक कि हमें कोई जवाब नहीं मिलता। ये केवल मुद्दे से ध्यान हटाने की भाजपा की कोशिश है। हमारे दूतावासों पर हमला हो रहा है, लेकिन इन हमलों की निंदा को लेकर ये लोग कुछ नहीं कह रहे हैं। ये वही लोग हैं, जिन्होंने मेहुल चौकसी को सुरक्षा दी, और आज ये लोग देशभक्ति की बात कर रहे हैं।'












Click it and Unblock the Notifications