'कवन सो काज कठिन जग माहीं, जो नहीं होय तात तुम्ह पाही', BJP के 44वें स्थापना दिवस पर PM मोदी ने क्या-क्या कहा?
PM Narendra Modi on BJP's 44th Foundation Day: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा के 44वें स्थापना दिवस के मौके पर भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित किया है।

PM Narendra Modi on BJP's 44th Foundation Day: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 44वें स्थापना दिवस के मौके पर भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा, ''आज हम देश के कोने-कोने में भगवान हनुमान की जयंती मना रहे हैं। हनुमान जी का जीवन आज भी हमने भारत की विकास यात्रा में प्रेरणा देते हैं।''
पीएम मोदी ने हनुमान चलीसा की पंक्ति बोलते हुए कहा, 'कवन सो काज कठिन जग माहीं, जो नहीं होय तात तुम्ह पाही', यानी ऐसा कोई भी काम नहीं है जो पवन पुत्र हनुमान कर नहीं सकते। जब लक्ष्मण जी पर संकट आया तो पूरा पर्वत ही उठा लाए थे।''
पीएम मोदी ने कहा, ''भाजपा भी इसी प्रेरणा से परिणाम लाने में लोगों की समस्याओं का समाधान करने की कोशिश करती रही है, करते रहना है, करते रहेंगे।''
पीएम मोदी ने कहा, ''आज की मॉडर्न परिभाषा में जिस बात का बार बार जिक्र किया जाता है वो है 'Can Do Attitude'।आप अगर हनुमान जी का पूरा जीवन देखें तो डगर डगर पर Can Do Attitude की संकल्पशक्ति ने उनके लिए सफलता लाने में बहुत बड़ी भूमिका अदा करती है।'
पीएम मोदी ने कहा, ''बीजेपी की स्थापना से लेकर आज तक जिन महान विभूतियों ने पार्टी को सींचा है। पार्टी को संवारा है, सशक्त और समृद्ध किया है। छोटे से छोटे कार्यकर्ता से लेकर के वरिष्ठ पद पर रह कर देश और पार्टी की सेवा करने वाले सभी महानुभावों को मैं शीश झुका कर प्रणाम करता हूं।''
पीएम मोदी ने कहा, ''आज हम सभी अपनी पार्टी का स्थापना दिवस मना रहे हैं। मां भारती की सेवा में समर्पित हर भाजपा कार्यकर्ता को मैं बहुत-बहुत बधाई देता हूं।''
पीएम मोदी ने कहा, ''हनुमान जी के पास असीम शक्ति है लेकिन इस शक्ति का इस्तेमाल वो तभी कर पाते हैं जब स्वयं पर से उनका संदेह समाप्त हो जाता है। 2014 से पहले भारत की भी यही स्थिति थी... लेकिन आज भारत बजरंगबली जी की तरह अपने भीतर सूक्त शक्तियों का आभास कर चुका है। आज भारत समंदर जैसी विशाल चुनौतियों को पार करने और उनका मुकाबला करने में पहले से ज्यादा सक्षम है।''
पीएम मोदी ने कहा, ''कांग्रेस और उसकी जैसी पार्टियों का कल्चर है...छोटा-छोटा सोचना और उस से भी कम हासिल कर के खुशियां मानना। ये एक-दूसरे की पीठ थपथपा कर खुश हैं। जबकि भाजपा का पॉलिटिकल कल्चर है बड़े सपने देखना और उस से भी ज्यादा हासिल करने के लिए जी-जान से जुट जाना। हम शरीर का कण-कण और समय का पल-पल खपाने का हौसला रखते हैं।''
पीएम मोदी ने कहा, ''आज भाजपा देश में एक नए पॉलिटिकल कल्चर का नेतृत्व कर रही है जबकि कांग्रेस और उसके ही जैसे अन्य दलों का कल्चर आप देख सकते हैं। परिवारवाद, वंशवाद, जातिवाद और क्षेत्रवाद के बंधक हैं ये सभी दल, जबकि भाजपा का पॉलिटिकल कल्चर प्रत्येक देशवासी को साथ लेकर चलने का है।''












Click it and Unblock the Notifications