BJD विधायक ने PWD के इंजीनियर से कराई उठक-बैठक, VIDEO वायरल होने पर मांगी माफी
Recommended Video
नई दिल्ली। ओडिशा में पीडब्ल्यूडी के एक जूनियर इंजीनियर को सत्तारूढ़ दल के नवनिर्वाचित विधायक के गुस्से का सामना करना पड़ गया। बीजेडी विधायक सरोज कुमार मेहर द्वारा कथित रूप से जूनियर इंजीनियर जसवंत साबर को भीड़ के सामने उठक-बैठक कराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सरोज कुमार मेहर पटनागढ़ से विधायक चुनकर आए हैं।

PWD के इंजीनियर से कराई उठक-बैठक
बीजद विधायक ने दावा किया कि उन्होंने लोगों का गुस्सा शांत कराने के लिए ये कदम उठाया था। वायरल वीडियो में जेई को 100 बार उठक-बैठक करने को विधायक कह रहे थे। मजबूरन भीड़ के सामने इंजीनियर को उठक-बैठक करनी पड़ी। उसी दौरान किसी ने घटना का वीडियो बनाकर उसे वायरल कर दिया। मेहर ने इंजीनियर को भीड़ से पिटवाने की धमकी भी दी जिसके बाद अभियंता उठक-बैठक करने को मजबूर हुआ। विधायक इंजीनियर की कोई बात सुनने को तैयार ही नहीं थे।
वीडियो वायरल होने पर बीजद विधायक ने माफी मांगी
जबकि वीडियो के वायरल होने के बाद बीजद विधायक ने माफी मांग ली। विधायक ने पूरे मामले पर कहा, 'मुझे इसका खेद है, लेकिन लोगों के गुस्से को देखते हुए इंजीनियर को उठक-बैठक करने के लिए कहने को मजबूर हुआ, सड़क निर्माण में खराब गुणवत्ता को लेकर लोगों में नाराजगी थी और अगर मैंने उठक-बैठक करने के लिए नहीं कहा होता तो वे लोग इंजीनियर को नुकसान भी पहुंचा सकते थे।'

विधायक से लोगों ने सड़क निर्माण में खराब गुणवत्ता की शिकायत की थी
इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद बोलनगीर के जिलाधिकारी ने मामले पटनागढ़ के उपजिलाधिकारी से रिपोर्ट तलब की है। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। सूत्रों के मुताबिक, विधायक बेलपाड़ा प्रखंड में गए थे तभी लोगों ने मांडल-बेलपाड़ा बाईपास पर घटिया निर्माण कार्य की शिकायत की।












Click it and Unblock the Notifications