त्रिपुरा: 9 मार्च को सीएम पद की शपथ लेंगे बिप्लब कुमार देब, पीएम मोदी को भेजा निमंत्रण
त्रिपुरा के भावी मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब ने मंगलवार को मीडिया से बात करते हुए कहा कि सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 9 मार्च को सुबह 10:30 बजे होगा।
Recommended Video

नई दिल्ली। त्रिपुरा में प्रचंड बहुमत मिलने के बाद भाजपा ने सरकार गठन की तैयारियां शुरू कर दी हैं। विधानसभा चुनाव में भाजपा गठबंधन के 43 सीटों पर जीत दर्ज करने के बाद मंगलवार को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने त्रिपुरा के मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री पद के लिए नामों का ऐलान कर दिया। सीएम और डिप्टी सीएम के नामों के ऐलान के बाद त्रिपुरा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह का समय भी तय कर दिया गया है। समारोह के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों को निमंत्रण पत्र भेजा गया है।

भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों को निमंत्रण
त्रिपुरा के भावी मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब ने मंगलवार को मीडिया से बात करते हुए कहा कि सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 9 मार्च को सुबह 10:30 बजे होगा। शपथ ग्रहण समारोह में बुलाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सभी भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों को निमंत्रण भेजा गया है। बिप्लब कुमार देब ने बताया कि उन्हें उम्मीद है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनका निमंत्रण स्वीकार कर शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।

जिश्नु देब बर्मन होंगे उपमुख्यमंत्री
इससे पहले केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि त्रिपुरा में बिप्लब कुमार देब अगले मुख्यमंत्री होंगे, जबकि जिश्नु देब बर्मन प्रदेश के उपमुख्यमंत्री होंगे। जिश्नुदेब ने अपने नाम की घोषणा के बाद कहा कि बिपल्ब देब के साथ मिलकर वो प्रदेश के विकास में कोई कमी नहीं रहने देंगे और सभी वर्गों के लिए काम करेंगे।

59 सीटों में से 43 सीटों पर जीत
गौरतलब है कि त्रिपुरा में हाल ही में खत्म हुए विधानसभा चुनावों में भाजपा और इंडिजिनस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (आईपीएफटी) गठबंधन को भारी जीत मिली है। 59 सीटों में से 43 सीटों पर गठबंधन को जीत मिली है। भाजपा को 35 जबकि आईपीएफटी 8 सीटों पर कब्जा जमाने में कामयाब रही है। वहीं सीपीआई (एम) को 16 सीटें मिली हैं।












Click it and Unblock the Notifications