बिहार: हाईटेक बस के साथ शुरू हुई तेजस्वी यादव की 'बेरोजगारी हटाओ यात्रा', JDU ने कसा तंज
बिहार: हाईटेक बस के साथ शुरू हुई तेजस्वी यादव की 'बेरोजगारी हटाओ' यात्रा
नई दिल्ली। बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर अब प्रदेश में राजनीति तेज होने लगी है। सत्ता में वापसी के लिए जी-जान में जुटी आरजेडी के युवराज तेजस्वी यादव ने इसकी शुरूआत 'बेरोजगारी हटाओ यात्रा' के साथ की है। आज से RJD की बेरोजगारी हटाओ यात्रा की शुरुआत हुई है। हाईटेक बस में सवार होकर तेजस्वी यादव प्रदेशभर में घूम-घूमकर नीतीश सरकार की कमियां गिनवाएंगे। इस बेरोजगारी यात्रा का नेतृत्व तेजस्वी यादव कर रहे हैं।पटना के वेटनरी कॉलेज मैदान में एक बड़ी जनसभा का आयोजन किया गया।

Recommended Video
तेजस्वी की यात्रा के लिए एक हाईटेक बस की भी व्यवस्था की गई है। इस बस को 'युवा क्रांति रथ' नाम दिया गया है। लेकिन इस बस से रफ्तार पकड़ ने से पहले ही बिहार में पोस्टर वॉर शुरू हो गया है। बिहार में बेरोजगारी को लेकर जहां आरजेडी नीतीश सरकार पर निशाना साधने की तैयारी में जुटी है तो वहीं जेडीयू के समर्थकों की ओर से पोस्टर लगाए गए हैं, जिसमें तेजस्वी यादव की इस यात्रा को राजनीति स्टंट करार देते हुए शहरभर में पोस्टर लगवाए हैं।
पटना की सड़कों पर ये पोस्टर लगे हैं, जिसपर लिखा है कि 'हाईटेक बस तैयार हुआ, अतिपिछड़ा शिकार हुआ'। इस पोस्टर में बस की ड्राइवर सीट पर लालू प्रसाद यादव को दिखाया गया है और तेजस्वी को कंडक्टर सीट पर दिखाया गया है। वहीं हाईटेक बस के शीशों पर अपनी लाठी अपना परिवार लिखा है जबकि बस के आगे आर्थिक उगाही यात्रा लिखा हुआ है। गौरतलब है कि बिहार में इसी साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। बिहार की अति पिछड़ी जातियां हमेशा से किंगमेकर की भूमिका निभाती रही हैं। ऐसे में हर राजनीतिक दल इसे अपने पक्ष में करने में जुटी है।












Click it and Unblock the Notifications