बिहार विधानसभा चुनाव से पहले लोक जनशक्ति पार्टी में बड़े बदलाव, चिराग संभालेंगे LJP की कमान
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले लोक जनशक्ति पार्टी में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। लोजपा की कमान अब राम विलास पासवान के बेटे चिराग पासवान संभालेंगे। सूत्रों के मुताबिक, पटना के गांधी मैदान में 28 नवंबर को लोक जनशक्ति पार्टी के स्थापना दिवस के मौके पर 35 साल के चिराग को राम विलास पासवान की जगह राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने का ऐलान किया जा सकता है।

लोजपा की कमान संभाल सकते हैं चिराग
सूत्रों के मुताबिक, राम विलास पासवान के भाई रामचंद्र पासवान के बेटे प्रिंसराज समस्तीपुर लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में लोजपा के उम्मीदवार हो सकते हैं। ये सीट उनके पिता के निधन के बाद से रिक्त है। इसके अलावा पशुपति पारस को बिहार एलजेपी अध्यक्ष पद से हटाकर उन्हें दलित सेना का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त कर दिया गया है।

चिराग पासवान बिहार लोजपा के अंतरिम अध्यक्ष
पशुपति पारस को बिहार एलजेपी अध्यक्ष पद से हटाकर सारे अधिकार चिराग पासवान को दे दिए गए हैं। एलजेपी अध्यक्ष राम विलास पासवान ने मंगलवार को कहा कि पार्टी का विस्तार करने के लिए युवाओं को इससे जोड़ना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को ये जिम्मेदारी लेनी होगी। लोजपा की बिहार इकाई के कार्यवाहक अध्यक्ष के तौर पर चिराग पासवान अपने चाचा पशुपति पारस की जगह लेंगे।

पशुपति पारस होंगे दलित सेना के अध्यक्ष
वहीं, चिराग पासवान ने एक न्यूज चैनल से बात करते हुए कहा, 'मुझे आज पार्टी ने बिहार यूनिट का अंतरिम अध्यक्ष बनाया है। मेरा ध्यान अभी पूरी तरह उसी जिम्मेदारी पर केंद्रित है।' चिराग ने कहा कि बिहार में अच्छे से चुनाव की तैयारी करनी है। विधानसभा चुनाव में सीएम नीतीश कुमार एनडीए का नेतृत्व करेंगे।' चिराग पासवान जमुई लोकसभा सीट से दूसरी बार सांसद चुने गए हैं। एनडीए सरकार में बीजेपी की सहयोगी पार्टी लोजपा के लोकसभा में 5 सदस्य हैं। राजग की तरफ से रामचंद्र पासवान के निधन के बाद खाली हुई समस्तीपुर लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए उम्मीदवार का ऐलान नहीं किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications