Bihar News: पटना के राजेन्द्र पथ के चौड़ीकरण पर खर्च होंगे 20.11 करोड़ रुपये - सम्राट चौधरी
बिहार सरकार ने पटना में राजेंद्र पथ को चौड़ा और मजबूत करने के लिए ₹20.11 करोड़ की परियोजना को मंजूरी दी है, जिससे यातायात और कनेक्टिविटी में सुधार होगा। इस पहल का उद्देश्य प्रमुख मार्गों का आधुनिकीकरण करना है, जिससे स्थानीय निवासियों को लाभ होगा और शहरी बुनियादी ढांचे में वृद्धि होगी।
बिहार के उपमुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने बताया कि राजधानी पटना के महत्वपूर्ण मार्ग राजेन्द्र पथ के चौड़ीकरण एवं सुदृढीकरण कार्य के लिए 20.11 करोड़ (बीस करोड़ ग्यारह लाख नौ हजार) रुपये की योजना को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।

श्री चौधरी ने बताया कि राजेंद्र पथ के साथ ज्ञान गंगा, पेपर मिल, बुद्ध मूर्ति, विजय चौक, कांग्रेस मैदान, पीरमुहानी सहित अन्य पथों का सुदढीकरण करने की यह योजना नई राजधानी पथ प्रमंडल के अंतर्गत प्रशासी विभाग द्वारा तैयार की गई है। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के तहत न केवल मुख्य राजेन्द्र पथ बल्कि उससे जुड़े अतरिक्त संपर्क मार्गों का भी आधुनिकीकरण एवं सुदृढ़ीकरण किया जाएगा, जिससे आमजन को यातायात में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र में विकास को गति मिलेगी।
श्री चौधरी ने कहा कि एनडीए सरकार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में सड़क बुनियादी ढांचे को विश्वसनीय और टिकाऊ बनाने के लक्ष्य पर तेजी से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पटना जैसे घनी आबादी वाले शहरी क्षेत्र में प्रभावी यातायात नेटवर्क सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इस योजना से न केवल स्थानीय नागरिकों को लाभ मिलेगा बल्कि पटना शहर की यातायात व्यवस्था को भी एक नई दिशा मिलेगी।
श्री चौधरी ने कहा कि कार्य में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित निरीक्षण एवं मॉनिटरिंग प्रणाली को लागू किया जाएगा, जिससे किसी भी स्तर पर लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications