ग्रेजुएट होने पर लड़कियों को 25 हजार देगी बिहार सरकार, कैबिनेट ने दी मंजूरी
पटना। बिहार सरकार स्नातक पास होने पर लड़कियों को 25 हजार रुपए देगी। बिहार कैबिनेट ने इस स्कीम को गुरुवार को स्वीकृति दी है। इस योजना का लाभ 24 अप्रैल 2018 के बाद से पास होने वाली लड़कियों को मिलेगा। इस योजना से तकरीबन एक लाख से अधिक छात्राओं को लाभ मिलेगा। मंत्रिमंडल की बैठक के बाद कैबिनेट के विशेष सचिव यूएन पांडेय ने बताया कि स्नातक पास छात्राओं के लिए कुल तीन सौ करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। सीएम बालिका स्नातक प्रोत्साहन योजना के तहत ये योजना शुरू हुई है।

बिहार कैबिनेट की बैठक में कुल छह एजेंडों पर मुहर लगी। मंत्रिमंडल ने आइआइआइटी भागलपुर को 50 एकड़ जमीन और कमजोर वर्ग की शाखाओं के लिए 132 पद सृजन के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी। कैबिनेट ने भागलपुर के अभियंत्रण महाविद्यालय परिसर में उपलब्ध 50 एकड़ जमीन भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान, सोसायटी भागलपुर को हस्तांतरित करने की मंजूरी भी दी है।
इसके साथ ही मंत्रिमंडल ने भवन निर्माण विभाग के कार्यों को सही प्रकार से संचालित करने के लिए 1.75 करोड़ रुपये की लागत पर एक भवन प्रमंडल पटना हाईकोर्ट और एक विद्युत कार्य प्रमंडल संख्या-3 पटना के गठन के साथ ही 30 जरूरी पदों के सृजन के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी।












Click it and Unblock the Notifications