बिहार विधानसभा चुनाव 2020: तीन चरणों में होंगे विधानसभा के चुनाव, तारीखों का ऐलान
इलेक्शन कमीशन ने किया तारीखों का ऐलान, से शुरू होंगे मतदान
नई दिल्ली। कोरोना वायरस संकट के बीच बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में आज भारत निर्वाचन आयोग (EC) ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बिहार विधानसभा इलेक्शन की तारीखों का ऐलान कर दिया है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने कहा, बिहार में तीन चरणों में मतदान कराए जाएंगे। पहले चरण में 16 जिलों की 71 सीटों पर 28 अक्टूबर को वोटिंग होगी, दूसरे चरण में 71 जिलों की 94 सीटों पर 3 नवंबर को और तीसरे चरण में 15 जिलों की 78 सीटों पर 7 नवंबर को मतदान होगा। इसके बाद 10 नवंबर को वोटों की गिनती की जाएगी। कोरोना वायरस के मद्देनजर चुनाव के दौरान एक बूथ पर एक हजार मतदाता ही होंगे। मतदान के लिए 7 लाख हैंड सैनेटाइजर, 6 लाख पीपीई किट्स, 7,6 लाख बेड्सशीट, 23 लाख हैंड ग्लब्स का इंतजाम किया गया है।
Recommended Video

उन्होंने बताया कि बिहार की 243 सीटों में से 38 सीटें एससी वर्ग और 2 एसटी वर्ग के लिए सुरक्षित हैं। ईसी के मुताबिक बिहार में कुल 7 करोड़ 79 लाख वोटर हैं। इस बार के विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग के समय को भी एक घंटा बढ़ा दिया गया है। सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक के बजाय, इस बार 6 बजे तक वोटिंग होगी। इसके अलावा कोरोना मरीज भी मतदान कर सकते हैं। कोरोना के मद्देनजर इलेक्शन कमीशन ने चुनाव प्रचार को लेकर भी गाइडलाइन तैयार की है। मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि पांच से ज्यादा लोग एक साथ किसी के घर जाकर प्रचार नहीं करेंगे।
चुनाव आयुक्त ने बताया कि इस बार बिहार में वर्चुअल चुनाव प्रचार होगा। नामांकन के दौरान उम्मीदवार के साथ दो से ज्यादा वाहन नहीं जा सकते हैं। नामांकन ऑनलाइन भी किया जा सकता है और प्रचार के दौरान बड़ी-बड़ी जनसभाएं नहीं की जा सकेंगी। इसके साथ ही वोटिंग मशीन का बटन दबाने से पहले वोटर्स को ग्लव्ज मुहैया कराया जाएगा। इसके लिए 46 लाख मास्क की व्यवस्था की गई है। ईसी ने बताया कि चुनाव 6 लाख पीपीई किट का इस्तेमाल होगा।
चुनाव प्रचार के दौरान कोविड प्रोटोकाल का पालन करना होगा, प्रचार के दौरान कोई शारीरिक संपर्क नहीं होगा। जो लोग क्वांरटीन हैं, उनके लिए वोटिंग के लिए भी खास इंतजाम किए जाएंगे। इसके साथ ही दिल्ली के विज्ञान भवन में हो रही प्रेस कॉन्फ्रेंस में EC द्वारा 65 उपचुनावों की घोषणा भी करने की संभावना थी लेकिन अभी उसके बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है। बता दें कि चुनाव आयोग ये पहले ही साफ कर चुका है कि बिहार विधानसभा चुनाव और सारे उपचुनाव 29 नवंबर तक संपन्न करा लिए जाएंगे। कोरोना वायरस महामारी के बीच देश में यह पहला राज्य चुनाव होगा।
गौरतलब है कि कोरोना वायरस संकट के बीच बिहार में चुनाव आयोजित कराना इलेक्शन कमीशन के लिए बड़ी चुनौती साबित होगा। बिहार में कुल 243 विधानसभा सीटों पर मतदान होने हैं। वर्तमान में जदयू और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की गठबंधन सरकार सत्ता में है। बिहार में इस बार फिर से चुनावी जंग एनडीए और महागठबंधन लड़ी जाएगी। बीजेपी ने चुनाव से पहले ही ऐलान कर दिया था कि एनडीए की अगुवाई नीतीश कुमार ही करेंगे। बता दें कि राज्य में अभी भी 80 सीटों के साथ सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी का दर्जा लालू प्रसाद यादव की पार्टी आरजेडी के नाम है।
यह भी पढ़ें: राजनीति में उतरे DGP गुप्तेश्वर पांडे का NDA में स्वागत है: बिहार के मंत्री विनोद नारायण झा












Click it and Unblock the Notifications