Bigg Boss के घर से बाहर आते ही पिता कुमार सानू पर भड़के जान, बोले- वो मेरी जिंदगी का हिस्सा नहीं, मेरी परवरिश पर सवाल उठाने...
नई दिल्ली। बॉलीवुड के मशहूर सिंगर कुमार सानू के बेटे जान कुमार सानू बिग बॉस 14 (Bigg Boss 14) के घर से बाहर हो गए हैं। बाहर आते ही उन्होंने पिता कुमार सानू के साथ अपने रिश्ते को लेकर बात की है। इससे पहले कुमार सानू ने एक वीडियो में जान की परवरिश को लेकर सवाल किया था। जान ने एक इंटरव्यू के दौरान कहा, 'हम तीन भाई हैं और सभी को मां रीता भट्टाचर्या ने पाला है। मेरे पिता कभी मेरी जिंदगी का हिस्सा नहीं रहे। मुझे बिल्कुल नहीं पता कि क्यों उन्होंने कभी भी मुझे एक सिंगर के तौर पर सपोर्ट और प्रमोट नहीं किया, आप उनसे पूछ सकते हैं कि क्यों?'

जान- वो हमारे संपर्क में नहीं रहे
जान ने कहा, 'इंडस्ट्री में बहुत सारे सेलेब्स हैं, जिन्होंने तलाक लिया और दोबारा शादी कर ली। हो सकता है वह अपनी पूर्व पत्नी से बात भी ना करते हों, लेकिन पहली शादी से हुए अपने बच्चों को सहयोग करने से वह कभी नहीं हटे। उन्होंने हमेशा अपने बच्चों की जिम्मेदारी ली है। लेकिन मेरे मामले में मेरे पिता कुमार सानू ने हमारे साथ संपर्क में रहना भी स्वीकार नहीं किया।' सोशल मीडिया पर कुमार सानू ने एक वीडियो अपलोड किया था और मराठी भाषा को लेकर जान ने शो के दौरान जो बातें कही थीं उसके लिए माफी भी मांगी थी। दरअसल शो के एक एपिसोड में जान ने राहुल के साथ निक्की से कहा था कि मराठी में बात ना करो। उन्होंने बोला था, 'मेरेको चिड़ होती है।' इससे शिवसेना और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना भड़क गई थीं और इन्होंने कहा था कि इसके लिए माफी मांगी जानी चाहिए।

कुमार सानू ने क्या कहा था?
जिसके बाद वीडियो में कुमार सानू ने कहा था कि वह बीते 27 साल से जान के साथ नहीं रह रहे हैं और ना ही उन्हें जान की परवरिश को लेकर कुछ पता है, जो जान की मां रीता भट्टाचर्या ने की है। वीडियो में कुमार सानू ने कहा था, 'मैं 27 साल से अपने बेटे के साथ नहीं हूं। हम 27 साल से अलग रह रहे हैं। मुझे उसकी मां द्वारा दी गई परवरिश के बारे में नहीं पता और मुझे समझ नहीं आया कि वह ऐसा कैसे कह सकता है। मुझे माफ कर दें। एक पिता होने के नाते, मैं आप सबसे केवल माफी मांग सकता हूं।' इस दौरान कुमार सानू ने कहा कि वह शिवसेना से जुड़े कई इवेंट्स का हिस्सा रह चुके हैं। इनमें बाल ठाकरे का जयंती समारोह भी शामिल है।

जान- मैं किसी के प्रति जवाबदेह नहीं हूं
इस वीडियो को लेकर जान ने कहा, 'उन्होंने मेरी परवरिश को लेकर एक वीडियो अपलोड किया और एक अन्य वीडियो मेरे काम को सपोर्ट करते हुए अपलोड किया। तो मुझे लगता है कि मुझे लेकर उनकी मिश्रित भावनाएं हैं। मैंने ये वीडियो नहीं देखे हैं। मुझे नहीं लगता कि किसी को भी मेरी परवरिश पर सवाल उठाने का अधिकार है क्योंकि हर किसी ने मुझे शो में देखा है और मेरी परवरिश की सराहना की है। और मुझे लगता है कि मैं इसपर किसी के प्रति जवाबदेह नहीं हूं।'

जान- मैंने अपना रास्ता खुद बनाया
जान ने आगे कहा, 'साथ ही, एक पिता के लिए इतने लंबे समय तक अपने बच्चों के प्रति नाराजगी जारी रखना भी सही नहीं है। आपके अपने साथी के साथ मतभेद हो सकते हैं, लेकिन अधिकांश कपल यह देखते हैं कि उनके बच्चों को कोई परेशानी ना उठानी पड़े। इसलिए मुझे यह बहुत मूर्खतापूर्ण लगता है जब लोग कहते हैं कि मैं नेपोटिजम का प्रोडक्ट हूं। मैंने अपना रास्ता खुद बनाया है और भविष्य में भी ऐसा करना जारी रखूंगा।'












Click it and Unblock the Notifications