बड़ी फूट की ओर गुजरात कांग्रेस, शंकर सिंह वाघेला ने दिखाए तेवर
गुजरात कांग्रेस बड़ी फूट की ओर, पार्टी की बड़े नेता शंकर सिंह वाघेला ने राहुल गांधी को सोशल मीडिया पर किया अनफॉलो
नई दिल्ली। गुजरात कांग्रेस में एक बार फिर से बड़ी फूट नजर आ रही है। पार्टी के बड़े नेता शंकर सिंह वाघेला ने एक साथ 30 ट्विटर हैंडल को फॉलो करना बंद कर दिया है, जिसमें कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी भी शामिल हैं। वाघेला का यह कदम ऐसे वक्त सामने आया है जब कांग्रेस ने वाघेला के भाजपा में शामिल होने की आशंकाओं को खारिज किया था। यही नहीं वाघेला ने प्रदेश यूनिट द्वारा बुलाई गई साइबर मीट में भी हिस्सा नहीं लिया। पिछले ही हफ्ते वडोदरा में एक होर्डिंग लगाई गई थी जिसमें वाघेला को प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री के तौर पर दिखाया गया था, लेकिन सदन में विपक्ष के नेता वाघेला ने साफ किया था कि वह इस रेस में शामिल नहीं हैं। गुजरात कांग्रेस के प्रभारी अशोक गहलोत ने भी पार्टी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के नाम पर बोलने से इनकार किया था।, ऐसे में जिस तरह से वाघेला ने अपने तेवर दिखाएं हैं उसे देखते हुए माना जा रहा है कि वह भाजपा का दामन थाम सकते हैं।

गुजरात कांग्रेस में इस पूरे बदलते प्रकरण के बारे में खुद वाघेला बोलने से इनकार कर रहे हैं। वाघेला के सोशल मीडिया इंचार्ज पार्थेश पटेल का कहना है कि वाघेला ने उनसे कहा है कि वह सोशल मीडिया पर अब सक्रिय नहीं रहना चाहते हैं। जिसके बाद सभी 30 ट्विटर हैंडल को अनफॉलो कर दिया गया है। राहुल गांधी के अलावा वाघेला ने सोनिया गांधी के राजनीतिक सलाहकार अहमद पटेल और भारत सिंह सोलंकी को भी अनफॉलो कर दिया है।
इससे पहले गुजरात के बयाड़ शहर में पत्रकारों के सवालों के जवाब देते हुए वाघेला ने कहा था कि मैं उस जगह से ही चुनाव लड़ुंगा जहां से आप कहें, हमने काफी लड़ाई कर ली है, अब वक्त है कि लोगों की समस्याओं के लिए लड़ा जाए। अब इस बात का कोई सरोकार नहीं है कि मैं विधानसभा चुनाव लड़ता हूं या फिर लोकसभा का चुनाव। पार्टी की साइबर मीट में शामिल नहीं होने पर वाघेला के कार्यालय का कहना है कि रविवार को बयाड़ और कपाड़वंज में दो कार्यक्रम की व्यस्तता की वजह से वह इसमें शामिल नहीं हो सके हैं।
ट्विटर पर राहुल गांधी समेत कई नेताओं को अनफॉलो करने की खबर पर अहमद पटेल का कहना है कि मैंने अभी तक उनसे बात नहीं की है और उनसे बात किए बगैर मैं कुछ भी नहीं कहुंगा। वहीं पार्टी की बैठख में शामिल नहीं होने पर पटेल नने कहा कि मुझे इस बात की जानकारी मिली है कि वाघेलाजी अन्य कार्यक्रम में व्यस्त थे इस वजह से उसमे शामिल नहीं हो सके। माना जा रहा है कि वाघेला और सोलंकी के बीच मुख्यमंत्री पद के दावेदार को लेकर कुछ विवाद है। हाल ही में वाघेला के घर पर हुई बैठक में कांग्रेस के कई विधायकों ने इस बात की मांग की थी कि वाघेला को प्रदेश के अगले मुख्यंत्री के उम्मीदवार के तौर पर घोषित किया जाए, लेकिन सोलंकी का कहना है कि प्रदेश में चुनाव परिणामों के बाद ही कांग्रेस आला कमान को मुख्यमंत्री उम्मीदवार की घोषणा करनी चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications