भारत में कोरोना मृत्यु दर में लगातार आ रही बड़ी गिरावट,सरकार ने नया लक्ष्य 1% निर्धारित किया
नई दिल्ली। भारत में कोरोनावायरस संक्रमण के शिकार लोगों की संख्या में रविवार को 133, 771 नए मामले दर्ज किए गए, जिससे भारत में कोरोना संक्रमितों की संख्या 91,40,191 हो गई है। हालांकि इस दौरान एक अच्छी खबर यह रही कि भारत में कोरोनोवायरस में होने मृत्यु दर में बड़ी गिरावट देखी गई। भारत में जानलेवा नोवल कोरोनावायरस से होने वाली वर्तमान मृत्यु दर (सीएफआर) गिरकर 1.46% हो गई है और सरकार ने मृत्यु दर को 1 फीसदी तक लाने का नया लक्ष्य बनाया है।

गौरतलब है भारत में 12 मार्च 2020 को कोरोना के कारण पहली मौत दर्ज की गई थी, लेकिन भारत में कोरोना संक्रमण से होने वाली मौत में लगातार गिरावट आ रही है। माना जा रहा है कि जल्द भारत उस लक्ष्य के करीब पहुंच जाएगा, जिसे भारत सरकार ने तय किया है। सरकरा ने कोरोना संक्रमण से होने वाले मौत को एक फीसदी से कम रखने का लक्ष्य कर रखा है। सरकार ने देश में इन्फ्लूएंजा के कारण प्रतिवर्ष होने वाली मौतों की संख्या को ध्यान में रखते हुए कोरोना के लिए यह लक्ष्य निर्धारित किया है।

सरकारी अधिकारियों के अनुसार केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के प्रतिनिधियों और सरकारी थिंक टैंक नीती आयोग के बीच एक विस्तृत विचार-विमर्श के बाद लक्ष्य प्रतिशत तय किया गया था। भारत के 10 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों द्वारा सर्वाधिक संख्या में मौतें हो रही हैं। रविवार को हुई 509 मौतों में से लगभग 77 फीसदी मौत इन्हीं 10 राज्यों और केंद्र प्रशासित राज्यों में रिपोर्ट हुई है।

भारत के 10 सबसे अधिक कोरोना प्रभावित राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में दिल्ली में सबसे आगे हैं, जहां सबसे ज्यादा नई मौतें हो रही हैं। रविवार को दिल्ली से कोरोना के चलते कुल 121 मौतें हुईं, जिससे दिल्ली में संक्रमण से मरने वाले लोगों की कुल संख्या 8,391 पहुंच गई थी, जो देश भर में हुई कुल मौतों का लगभग 22 फीसदी हैं। दिल्ली के बाद सर्वाधिक कोरोना संक्रमण से हुई मौत के मामले में महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश हैं।

उल्लेखनीय है कोरोना के लगातार बढ़ रहे मामलों के बीच सरकार अभी टीका विकास, खरीद और वितरण पर अधिक ध्यान केंद्रित कर रही है, क्योंकि लंबे समय में संक्रमण की दर को कम करने के लिए एक प्रभावी टीका बेहद महत्वपूर्ण है। हालांकि बीमारी के संचरण को रोकने के लिए कई अन्य कदम भी सरकार उठा रही है। इनमें कोविद सुरक्षा मिशन के तहत 1900 करोड़ रुपए की सहायता भी प्रदान करना शामिल है। उक्त पैसे सरकार ने कोरोना टीकाकरण के अनुसंधान और विकास का समर्थन करने के लिए दिए हैं।












Click it and Unblock the Notifications