मिशन 2022 के लिए भाजपा ने किया बड़ा बदलाव, UP में बनाए गए दो सह संगठन महामंत्री
लखनऊ। बीजेपी ने प्रदेश में मिशन 2022 के लिए तैयारियां शुरू कर दी है। इसके लिए पार्टी ने संगठन के ढांचे में एक बड़ा बदलाव किया है। भाजपा ने प्रदेश संगठन महामंत्री के साथ ही दो सह संगठन महामंत्रियों के पद का भी गठन किया है। इसके लिए नियुक्ति भी कर दी गई है।

बता दें कि भाजपा संगठन के ढांचे में संगठन महामंत्री का पद बहुत ही महत्वपूर्ण माना जाता है। इस पद पर आम तौर पर संघ के किसी व्यक्ति को भेजा जाता है। वर्तमान में सुनील बंसल प्रदेश संगठन महामंत्री हैं। संगठन मंत्री के पद की ताकत का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि विरोधी और समर्थक दोनों कहते हैं कि सुनील बंसल के चलते योगी आदित्यनाथ खुलकर काम नहीं कर पाते।
मेरठ और वाराणसी होगा केंद्र
अब इसी संगठन महामंत्री पद के साथ ही प्रदेश में दो सह संगठन महामंत्री का पद बना दिया गया है। दोनों सह संगठन महामंत्रियों का कार्यालय मेरठ और वाराणसी होगा। पार्टी ने इस पद पर नियुक्ति भी कर दी है। मेरठ के लिए कर्मवीर सिंह को प्रदेश सहसंगठन महामंत्री बनाया गया है। कर्मवीर के पास अभी तक ब्रज प्रांत के प्रचारक की जिम्मेदारी थी। वहीं वाराणसी से काम करने के लिए भवानी सिंह को प्रदेश सह संगठन महामंत्री बनाया गया है। भवानी सिंह अभी तक ब्रज व कानपुर के क्षेत्र संगठन मंत्री के रूप में काम कर रहे थे।
दो प्रदेश सह संगठन मंत्रियों की नियुक्ति का उद्येश्य प्रदेश की टीम के साथ सीधा संपर्क स्थापित करना है। इसके जरिए पार्टी और सरकार की नीतियों को अधिक प्रभावी तरीके से नीचे तक पहुंचाया जा सकेगा। इससे पार्टी को स्थानीय स्तर पर फैसले लेने में आसानी होगी। दोनों सह संगठन मंत्री प्रदेश के संगठन मंत्री सुनील बंसल का सहयोग करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications