भारत बायोटेक की कोवैक्सीन को लेकर बड़ी खबर, अमेरिका में कोविड वैक्सीन कैंडिडेट के तौर होगा मूल्यांकन
नई दिल्ली, 19 फरवरी: भारत बायोटेक की कोरोना वैक्सीन 'कोवैक्सीन' का अमेरिका में भी कोविड-19 वैक्सीन कैंडिडेट के तौर पर मूल्यांकन किया जाएगा। भारत बायोटेक ने शनिवार को जारी अपने एक बयान में इसकी जानकारी दी है। कंपनी की ओर से बताया गया है कि ऑक्यूजन ने ऐलान किया है कि यूएस फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एफडीए) ने कोविड-19 वैक्सीन उम्मीदवार के तौर पर कोवैक्सीन का मूल्यांकन करने के लिए इन्वेस्टिगेशनल न्यू ड्रग एप्लिकेशन को मंजूरी दी है। ऑक्यूजेन अमेरिका और कनाडा में कोवैक्सीन के निर्माण में साझेदार है।

कोवैक्सीन को भारत बायोटेक ने तैयार किया है। ये भारत की अकेली स्वदेशी वैक्सीन है। कंपनी ने इसे भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद और नेशनल इंस्टीट्यूट आफ वायरोलाजी के सहयोग से विकसित किया गया है। भारत में कोविशील्ड के बाद इसी का इस्तेमाल सबसे ज्यादा किया गया है। शुरू में इसे मान्यता मिलने में दिक्कत हुई थी लेकिन अब कई दूसरे देशों ने भी इसे मान्यता दे दी है। डब्ल्यूएचओ के मुताबिक 13 देशों में कोवैक्सीन को आपातकालीन उपयोग सूची (ईयूएल) दी जा चुकी है।
देश में कोरोना की स्थिति
देश में कोरोना के मामलों में तेजी से कमी आ रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि पिछले 24 घंटों के भीतर देश में कोरोना वायरस के 22270 नए मरीज मिले हैं, जो शुक्रवार के आंकड़ों से करीब 14 फीसदी कम हैं। इसके अलावा पिछले एक दिन में कोरोना वायरस की वजह से 325 लोगों की जान गई है, जिसके बाद मृतकों की कुल संख्या बढ़कर 5,11,230 हो गई है। वहीं, कोरोना के मरीजों का रिकवरी रेट बढ़ने से एक्टिव मामलों में गिरावट आई है और अब देश में एक्टिव मरीज केवल 2,53,739 हैं। कोरोना वायरस महामारी के खिलाफ देश में टीकाकरण की बात की जाए तो अभी तक वैक्सीन की कुल 175.03 करोड़ डोज देश में दी जा चुकी हैं।












Click it and Unblock the Notifications