Bengaluru Stampede Update: बेंगलुरु भगदड़ केस में RCB समेत 3 के खिलाफ FIR, जानें किन धाराओं में केस दर्ज
Bengaluru Stampede Update: बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर 4 जून को हुआ भगदड़ का हादसा अब कानूनी मोड़ ले चुका है। कर्नाटक पुलिस ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB), DNA एंटरटेनमेंट नेटवर्क्स और कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA) के खिलाफ आपराधिक लापरवाही के आरोप में FIR दर्ज की है।
आपको बता दें कि इस हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 33 से घायल हुए। इस हादसे के पीछे मुख्य कारणों में भीड़ प्रबंधन की कमी और आयोजन की अपर्याप्त तैयारी शामिल हैं। RCB द्वारा सोशल मीडिया पर अचानक की गई घोषणा के बाद, दो घंटे के भीतर स्टेडियम के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे स्थिति और बिगड़ गई। कर्नाटक हाईकोर्ट ने इस मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए राज्य सरकार से हादसे के कारणों और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के उपायों पर रिपोर्ट मांगी है। अगली सुनवाई 10 जून को निर्धारित की गई है। आइए जानते हैं किन FIR किन धाराओं में दर्ज हुई है?

FIR किन धाराओं में दर्ज हुई है?
कब्बन पार्क पुलिस स्टेशन में IPC की कई धाराओं में केस दर्ज किया गया है, जिनमें शामिल हैं-
- धारा 105: गैर इरादतन हत्या
- धारा 115 और 118: स्वेच्छा से चोट या गंभीर चोट पहुंचाना
- धारा 190 और 142: गैरकानूनी सभा और उसकी जिम्मेदारी
- धारा 132 और 125(12): सरकारी काम में बाधा और जान को खतरे में डालना
- धारा 121: अपराध को उकसाना
RCB और आयोजकों पर क्या आरोप है?
FIR में कहा गया है कि यह हादसा आयोजकों की आपराधिक लापरवाही और अव्यवस्था के कारण हुआ। स्टेडियम में फ्री एंट्री पास बांटे गए थे, लेकिन भारी भीड़ को मैनेज करने का कोई कारगर इंतजाम नहीं किया गया था।
हाईकोर्ट की टिप्पणी और अगली सुनवाई
हाईकोर्ट की बेंच ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए राज्य सरकार से 10 जून तक स्टेट्स रिपोर्ट मांगी है। कोर्ट में याचिकाकर्ता के वकील ने पूछा, 'ऐसे खिलाड़ियों को क्यों सम्मानित किया गया जो देश के लिए नहीं खेलते?' उन्होंने आरसीबी को सम्मान देने के फैसले पर सवाल उठाया।
क्या बोले थे सीएम और डिप्टी सीएम?
मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने स्वीकार किया था कि स्टेडियम की क्षमता 35,000 है, लेकिन 2-3 लाख लोग कार्यक्रम में पहुंचे थे। उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने भावुक होते हुए घटना पर माफी मांगी और इसे प्रशासनिक गलती माना।
RCB ने भी जताया दुख
RCB ने बयान जारी कर कहा कि यह हादसा पूरे RCB परिवार के लिए बहुत दर्दनाक है। टीम ने मृतकों के परिवार को 10-10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है और घायलों के लिए 'RCB Cares' नाम से एक राहत कोष भी बनाया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications