Bengaluru Second Airport: बेंगलुरू में कहां बनेगा दूसरा नया एयरपोर्ट? लोकेशन हो गई फाइनल
Bengaluru Second Airport: बेंगलुरु को जल्द ही दूसरा एयरपोर्ट मिलने वाला है। कर्नाटक सरकार ने इसकी लोकेशन फाइनल कर दी है। कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने नेटवर्क18 फ्यूचर ऑफ वर्क समिट में घोषणा की कि साउथ बेंगलुरु में दूसरा नया एयरपोर्ट बनाने की योजना है।
शिवकुमार के अनुसार, इस समय कनकपुरा रोड के किनारे के स्थानों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिनमें चूड़ाहाली और सोमनहल्ली प्रमुख विकल्प के रूप में उभरे हैं। इसके अतिरिक्त, पश्चिमी गलियारे में नेलमंगला-कुनिगल रोड के पास एक तीसरा स्थल भी विचाराधीन है।

बेंगलुरू में क्यों बनाया जा रहा नया एयरपोर्ट?
शहर में लगातार बढ़ते हवाई यातायात के मद्देनजर दूसरे एयरपोर्ट की आवश्यकता महसूस की गई है। केम्पेगौड़ा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा (KIA) कई विस्तारों के बावजूद भविष्य में अपनी अधिकतम क्षमता पर पहुंच सकता है। इससे शहर एक प्रमुख एयरपोर्ट पर अत्यधिक निर्भर रहेगा।
एयरपोर्ट कनेक्टिविटी बेहतर करेगा
एचएएल हवाई अड्डे का परिचालन सीमित है, और इसका कॉमर्शियल विस्तार संभव नहीं है। वाहनों की बढ़ती संख्या ने मौजूदा हवाई अड्डे के मार्गों पर भीड़भाड़ बढ़ा दी है। एक दूसरा एयरपोर्ट कनेक्टिविटी बेहतर कर भविष्य के विकास को गति देगा।
एयरपोर्ट का स्थान किस आधार पर किया जाएगा फाइनल?
राज्य सरकार ने शॉर्टलिस्ट किए गए स्थानों के लिए Feasibility Study) करने के लिए मिन्हार्ड-केपीएमजी कंसोर्टियम को नियुक्त किया है। इस स्टडी के लिए ₹4.96 करोड़ आवंटित किए गए हैं, जिसकी अवधि लगभग पांच महीने होगी।
यह मूल्यांकन भू-भाग, मिट्टी की स्थिति, जल निकासी, हवाई क्षेत्र प्रबंधन और मौजूदा हवाई अड्डों से दूरी जैसे कारकों पर गौर करेगा। साथ ही, इसमें सड़क-रेल कनेक्टिविटी, पर्यावरणीय प्रभाव और यात्रियों व कार्गो की दीर्घकालिक मांग का भी विश्लेषण किया जाएगा। प्रत्येक प्रस्तावित स्थल के लिए लगभग 4,500 एकड़ भूमि की पहचान की गई है।
Bengaluru Second Airport location: कहां बनेगा एयरपोर्ट बनेगा एयरपोर्ट
कनकपुरा रोड के विकल्प साउथ बेंगलुरु के बढ़ते आवासीय व औद्योगिक क्षेत्रों के करीब हैं, जिससे उन्हें रणनीतिक लाभ मिलता है।फिलहाल, कनकपुरा रोड पर ही ध्यान केंद्रित है, लेकिन इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट के लिए अंतिम निर्णय संबंधित स्टडी पूरी होने के बाद ही लिया जाएगा।
अधिकारी इन स्थलों को आगामी सड़क और रेल नेटवर्क से जोड़ने के तरीकों का भी अध्ययन कर रहे हैं। नेलमंगला-कुनिगल रोड स्थल तुमकुरु रोड और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़ा है, पर फिलहाल यह दक्षिणी विकल्पों से पीछे है।
तमिलनाडु भी कर्नाटक बॉर्डर पर बनाएगा इंटरनेशनल एयरपोर्ट
पड़ोसी तमिलनाडु भी कर्नाटक सीमा के पास होसुर में एक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की योजना बना रहा है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि बेंगलुरु के दूसरे हवाई अड्डे के स्थान को अंतिम रूप देने में देरी से ट्रैफिक और निवेश पर नकारात्मक असर पड़ सकता है।













Click it and Unblock the Notifications