'बेटे की मौत के बाद इंसाफ लेकर क्या करूंगा...', सूचना सेठ के अलग हुए पति ने पुलिस क्या-क्या कहा?
Suchana Seth News: AI स्टार्टअप कंपनी की CEO बेंगलुरु निवासी सूचना सेठ पर अपने चार साल के बच्चे की हत्या का आरोप है। 39 वर्षीय सूचना सेठ को गोवा के होटल रूम में अपने बेटे की हत्या करने का आरोप है। अब सूचना सेठ के अलग हो चुके पति पीआर वेंकट रमन ने पुलिस के सामने अपना बयान दर्ज करवाया है।
सूचना सेठ के अलग हुए पति पीआर वेंकट रमन के बयान को बताते हुए, उनके वकील ने कहा, 'मेरा मुवक्किल इस दुख से पूरी तरह स्तब्ध है। उसे नहीं पता कि हत्या का कारण क्या रहा होगा और केवल सूचना ही बता सकती है कि उसने यह अपराध क्यों किया।।'

हालांकि गिरफ्तार किए जाने के बाद पुलिस के सामने सूचना सेठ ने अपने बेटे की हत्या करने की बात स्वीकार नहीं की है और कहा है कि जब वह उठी तो उसने बेटे को मृत पाया था।
'वो अपने बेटे के लिए जान दे सकते थे लेकिन अब...'
सूचना सेठ के अलग हुए पति पीआर वेंकट रमन के वकील ने मीडिया से कहा, "वह (पीआर वेंकट रमन) अपने बेटे के लिए मर सकता है लेकिन अब उसे उसके बिना जीना होगा। मेरे मुवक्किल (पीआर वेंकट रमन ) के पास अपने या बच्चे के लिए इंसाफ मांगने का कोई दावा नहीं है, जो अब इस दुनिया में नहीं है। वह इंसाफ लेकर क्या करेंगे...जब उनके बेटे की ही मौत हो चुकी है।''
वकील ने कहा, "अपराध का कारण सिर्फ एक अनुमान है। शायद वह नहीं चाहती थी कि बच्चा अपने पिता से मिले या भावनात्मक जुड़ाव रखे।"
सूचना सेठ अपने बेटे को लेकर कस्टडी की लड़ाई लड़ रही थी। अपराध के पीछे की भी सबसे बड़ी वजह यही मानी जा रही है। सुचना के सामान में मिले एक नोट्स में सूचना ने इस कस्टडी की लड़ाई और उसकी हताशा के बारे में लिखा है।
हालांकि इस नोट्स को सूचना ने बाद में फाड़ दिया था। पुलिस ने इसको जोड़कर सारी बातें पढ़ी हैं। सूचना ने 6 जनवरी को अपने बेटे के साथ गोवा के एक होटल में चेक इन किया और 7 जनवरी को अकेले निकल गईं।
8 जनवरी को गोवा से बेंगलुरु जाते समय पुलिस को उनके सामान के अंदर बेटे का शव मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बताया गया कि बच्चे की करीब 36 घंटे पहले दम घुटने से मौत हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications