Bengaluru में 8-लेन बिजनेस कॉरिडोर कब तक बनकर होगा तैयार, क्या होगा रूट? आ गया अपडेट
Bengaluru 8-Lane Business Corridor: आईटी राजधानी बेंगलुरु में बढ़ते ट्रैफिक जाम से राहत देने के लिए एक बड़ी पहल सामने आई है। बेंगलुरु विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने बेंगलुरु बिजनेस कॉरिडोर प्रोजेक्ट के पहले फेज के लिए निविदाएं आमंत्रित कर दी हैं। यह 8-लेन का मेगा प्रोजेक्ट शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव लाएगा।
इस प्रोजेक्ट के तहत मदवर (तुमकुरू रोड पर बीआईईसी के पास) से बल्लारी रोड हवाई अड्डे के पास तक 19.8 किलोमीटर लंबी आठ-लेन सड़क बनाई जाएगी। इसका मुख्य उद्देश्य शहर में यात्रा समय को कम करना और ट्रैफिक की भीड़ को नियंत्रित करना है। तेजी से बढ़ते शहरी विस्तार के बीच यह कॉरिडोर आईटी हब की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएगा।

Bengaluru Business Corridor बनाने में कितनी आएगी लागत?
पहले चरण की अनुमानित लागत 3,348.05 करोड़ रुपये रखी गई है। बीडीए इस परियोजना को 'डिजाइन, निर्माण, वित्तपोषण, संचालन और हस्तांतरण' (DBFOT) मॉडल के तहत लागू करेगा। इसके तहत चयनित ठेकेदार न सिर्फ सड़क का निर्माण करेगा, बल्कि 10 वर्षों तक इसके संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी भी संभालेगा।
Bengaluru Business Corridor कब बनकर होगा तैयार
परियोजना को 36 महीनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। निविदा प्रक्रिया फिलहाल जारी है-बोलीदाता 15 अप्रैल तक स्पष्टीकरण मांग सकते हैं, जबकि 4 मई अंतिम जमा तिथि है। तकनीकी बोलियां 6 मई और वित्तीय बोलियां 11 मई को खोली जाएंगी।
तीन पैकेजों में पूरा कॉरिडोर
पूरा कॉरिडोर 73.4 किलोमीटर लंबा होगा, जिसे तीन पैकेजों में बांटा गया है। पहला पैकेज (तुमकुरू रोड से बल्लारी रोड) के लिए निविदा जारी हो चुकी है। दूसरा पैकेज बल्लारी रोड से ओल्ड मद्रास रोड (18 किमी) और तीसरा ओल्ड मद्रास रोड से होसुर रोड (27.75 किमी) तक फैला होगा।
प्रोजेक्ट के लिए लगभग 2,557 एकड़ भूमि की आवश्यकता है, जिसमें बड़ी संख्या में भूमि स्वामियों की सहमति मिल चुकी है। हालांकि, भूमि अधिग्रहण से जुड़े कई मामले कर्नाटक हाई कोर्ट में लंबित हैं। बीडीए के अनुसार, प्रोजेक्ट का अंतिम कार्यान्वयन अदालत के फैसले पर निर्भर करेगा।












Click it and Unblock the Notifications