BBC EXCLUSIVE: शिवराज का भरोसा, 2019 में ज्यादा सीटों के साथ प्रधानमंत्री बनेंगे नरेंद्र मोदी
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान लगातार चौथी बार राज्य के मुख्यमंत्री बनने की तैयारी में जुटे हैं.
नवंबर-दिसंबर में राज्य के विधानसभा चुनाव हो सकते हैं और उससे पहले शिवराज सिंह चौहान मध्य प्रदेश के मतदाताओं के बीच अपने काम को गिनाने के लिहाज से जन आर्शीवाद यात्रा निकाल रहे हैं.
इस यात्रा के बारे में शिवराज सिंह चौहान बताते हैं कि 2008 और 2013 में भी उन्होंने लोगों से आर्शीवाद मांगा था और इस बार भी मांग रहे हैं.
उन्हें भरोसा है कि इस बार भी लोगों का प्यार उन्हें मध्यप्रदेश का मुख्यमंत्री बना देगा, साथ ही वे केंद्र में किसी राजनीतिक भूमिका से भी इनकार करते हैं.
बीबीसी हिंदी के साथ शिवराज सिंह चौहान ने मंदसौर-नीमच की अपनी जन आर्शीवाद यात्रा के दौरान ख़ास बातचीत की, इस दौरान उन्होंने कई मसलों पर बात की.
सवाल- लगातार तीन चुनाव आप जीत चुके हैं, जिस तरह से आपकी जनआर्शीवाद यात्रा में भीड़ दिख रही है, उससे लग रहा है कि चौथी बार चुनाव जीतने की तरफ बढ़ रहे हैं, अपने तीन चार कामों के बारे में बताना हो, जिसके चलते आपको इतना समर्थन मिल रहा है, तो आप क्या बताएंगे?
जवाब- सबसे बड़ी चीज़ ये है इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास. कांग्रेस ने मध्य प्रदेश को बर्बाद कर दिया था. ना सड़क बची थी, ना बिजली मिलती थी, ना पानी का इंतज़ाम था. हमने पूरी स्थिति बदल दी है. बीमारू प्रदेश को विकसित मध्य प्रदेश के तौर पर डेवलप करने को कोशिश किया है. इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास किया है.
लोगों को बिजली, सड़क और पानी की सहूलियत मिल रही है. इसके अलावा लोगों के लिए कई जनकल्याणकारी योजना शुरू की है. लोगों की ज़िंदगी बदलने वाली योजनाएं शुरू की है. गरीबों के जिंदगी बदलने के लिए हमने संबल योजना शुरू की.
गरीब को सारी सुविधाएं मिलती हैं, बिजली मिलती है, पक्का मकान बन जाए. किसान को पसीने की क़ीमत मिल जाए. महिला सशक्तिकरण के लिए अनेकों क़दम उठाए हैं. जन्म लेने से कर मृत्यु तक हम लोगों की मदद कर रहे हैं. इंफ्रास्ट्रक्चर और जनकल्याण योजनाओं के चलते ही जनता का आर्शीवाद मिला है.
सवाल- आपने अपने कामों पर इतनी बात की, लेकिन मध्य प्रदेश के बाहर राज्य की छवि महिलाओं के लिए सबसे असुरक्षित राज्य की है.
जवाब- आप माताएं-बहनों से बात कीजिए. मुझे सबसे ज्यादा समर्थन बहनों-बेटियों से मिल रहा है, वो जानती हैं कि उनको सशक्त बनाने के लिए इतना काम हो रहा है जितना राज्य में पहले कभी नहीं हुआ.
सवाल- आपकी ज्यादातर योजनाओं में सरकार लोगों की आर्थिक मदद करती है और इससे सरकार के खजाने पर बोझ बढ़ता है और कई बार ओवरड्राफ्ट की स्थिति पैदा हो रही है.
जवाब- नहीं कोई ओवरड्राफ्ट की स्थिति नहीं है, ना ही खजाने में कोई कमी है. जहां तक खजाने पर बोझ बढ़ता है तो खजाना है किसके लिए. भरने के लिए तो नहीं है. जनता का है, जनता के कल्याण पर खर्च कर रहे हैं.
लोगों की जिंदगी बदले इसके लिए खर्च कर रहा हूं. इस दौरान एक चीज़ मैं ये भी कर रहा हूं कि विकास तो करूंगा लेकिन गरीबों की जितनी आबादी है, उस हिसाब से लोगों की मदद करूंगा. कांग्रेस ने लोगों के लिए कुछ नहीं किया था.
सवाल- लेकिन 15 साल तक शासन करने के बाद स्थिति तो यही है कि आपको लोगों की आर्थिक मदद करनी पड़ रही है.
जवाब- एक तो प्रति व्यक्ति आय 13 हजार से बढ़कर 79 हजार हो गई है, पांच गुना बढ़ी है. लेकिन ये औसत प्रति व्यक्ति आय है. कई लोग इससे नीचे हैं, उनकी मदद करते हैं, लेकिन कोशिश यही है कि उनकी संपन्नता बढ़े.
सवाल- आप जिक्र कर रहे थे संबल योजना की, इस योजना में आप गरीबों का बिजली का बिल माफ़ कर रहे हैं और इसके लिए दो करोड़ के करीब लोगों ने पंजीयन करा लिया है, आठ करोड़ से कम की आबादी में दो करोड़ लोग ऐसे हैं.
जवाब- केवल गरीब नहीं हैं, आर्थिक रूप से कमजोर लोग शामिल हैं, छोटे किसान भी शामिल हैं उसमें. छोटे मोटे कारोबार करने वाले लोग भी हैं, वो केवल बीपीएल नहीं है, उसमें गरीब और निम्न आय वर्ग के लोग शामिल हैं.
सवाल- आपने अपने यहां इनवेस्टर्स समिट कराएं हैं, उससे राज्य में ऐसा निवेश आया है, जिसकी मदद से आप विकास के काम को आगे बढ़ा पाएं.
जवाब- इनवेस्टर्स समिट 2016 में किया था, उससे पहले 2014 में भी किया था. दो लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश राज्य में आया है. इंदौर में टीसीएस और इंफोसिस के कैंपस बनकर तैयार हो गए हैं. इसके अलावा टैक्सटाइल और ऑटोमोबाइल सेक्टर में भी निवेश तेजी से बढ़ा है.
सवाल- आपके शासनकाल में राज्य में व्यापम जैसा घोटाला भी सामने आया है, हालांकि आपको सीबीआई ने बरी कर दिया है, जांच भी चल रही है, पांच साल में ये बड़ा मुद्दा रहा है.
जवाब- आप बरी शब्द का इस्तेमाल मत कीजिए क्योंकि उसमें कुछ था ही नहीं. ये घोटाला मैंने उजागर किया था. कांग्रेस के जमाने में पारदर्शिता नहीं थी, परीक्षा नहीं होती थी, नेताओं के स्लिप पर एडमिशन होता था. मैंने उसे पकड़ा और गड़बड़ी को रोका. जो लोग दोषी थे उन पर कार्रवाई हो गई. कांग्रेस ने इसे अनावश्यक मुद्दा बनाने की कोशिश की, लेकिन जनता के सामने पूरा सच आ चुका है.
सवाल- आप पर एक आरोप ये भी है कि आपके कई सहयोगी मंत्रियों पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगते रहे हैं, लेकिन आपने कोई कार्रवाई नहीं की.
जवाब- कोई ऐसा आरोप नहीं है, जिसमें कुछ साबित हो, प्रमाणित हो. आरोप तो लगते रहते हैं, लेकिन आरोपों में दम नहीं था. मैं आपसे ये कह सकता हूं कि अगर कोई गड़बड़ करेगा तो मैं उसे छोड़ूंगा भी नहीं.
सवाल- आपने अपने राज्य के इंफ्रास्ट्रक्चर की बात की, लेकिन लोगों के जेहन में वो तस्वीर है जिसमें आपको कांस्टेबलों ने सड़क पर हाथों से उठाया हुआ है.
जवाब- वो सड़क नहीं थी, नदी में बाढ़ थी. एक गांव दूसरी तरफ था, सुरक्षा की दृष्टि से उन्होंने मुझे उठाकर दूसरी तरफ कर दिया था. उन्हें डर था कि नदी में मेरे पैर फिसल ना जाएं.
सवाल- कांग्रेस अब तक आपका मुकाबला नहीं कर पाई है, कोई एक वजह बतानी हो तो क्या बताएंगे.
जवाब- कौन सी कांग्रेस, कितनी कांग्रेस और कैसी कांग्रेस. ये उनका मसला है, वो जानें. मैं तो यही कहूंगा कि मेरी शुभकामनाएं उनके साथ हैं.
महाराष्ट्र: 31 लाख किसानों का क़र्ज़ माफ़
सवाल- राज्य का चुनाव आपके नाम पर लड़ा जा रहा है, लेकिन बीजेपी ने ये अभी ये घोषणा नहीं की है कि जीतने पर आप ही मुख्यमंत्री होंगे, हालांकि राजस्थान में वसुंधरा राजे जी को चेहरा घोषित किया गया है. इस पर आपकी टिप्पणी क्या है.
जवाब- इसका जवाब आपको हमारी पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जी दे देंगे.
प्रभात झा (राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, बीजेपी) ने कहा - उज्जैन में अमित शाह जी ने शिवराज जी को देश का सर्वेश्रेष्ठ मुख्यमंत्री घोषित कर चुके हैं. हज़ारों लोगों के सामने वे कह चुके हैं कि अगले पांच साल के लिए मुख्यमंत्री के तौर पर शिवराज सिंह चौहान और प्रधानमंत्री के तौर पर नरेंद्र मोदी जी को वोट करना है.
सवाल- जब चुनावी बात चल रही है तो 2019 के बारे में भी बात होनी चाहिए, आपको क्या लगता है कि क्या होगा 2019 में.
जवाब- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी पिछली बार से ज्यादा सीटों के साथ प्रधानमंत्री बनेंगे और देश को आगे बढ़ाएंगे.
सवाल- आपमें भी सेंट्रल लीडरशिप की संभावना देखी जाती रही थी, हालांकि आप सहजता से इससे किनारे हट गए हैं, लेकिन अगर भविष्य में मौका मिले तो क्या करेंगे.
जवाब- मैंने कभी सोचा ही नहीं, सवाल ही नहीं उठता. क्योंकि पार्टी ने मुझे मध्य प्रदेश की जिम्मेदारी सौंपी हुई है और मैं अपने प्रदेश की जनता की सेवा में आनंद महसूस करता हूं, करता रहूंगा.












Click it and Unblock the Notifications