कर्नाटक नतीजों पर बाबुल सुप्रियो बोले, 'अहंकारी BJP की हार से खुश हूं, भगवान कृष्ण ने हमें बदला लेना...'
Karnataka Election Result 2023: कर्नाटक विधानसभा चुनाव-2023 में कांग्रेस ने 135 सीटें जीती है। वहीं भाजपा 66 सीटों पर सिमट गई है।

कर्नाटक विधानसभा चुनाव-2023 में कांग्रेस ने 224 सीटों में से 135 सीट जीती है। वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सिर्फ 66 सीटें जीती है। भाजपा की हार पर पूर्व केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो ने कहा है कि वो इस हार से खुश हैं।
भाजपा छोड़कर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) में जाने वाले नेता बाबुल सुप्रियो ने कहा कि वह अहंकारी भाजपा की हार से खुश हैं। बाबुल सुप्रियो ने भाजपा को गद्दारों की पार्टी कहा है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक ने अच्छा प्रदर्शन किया है।
बंगाल सरकार में कैबिनेट मंत्री बाबुल सुप्रियो ने एक के बाद एक कई ट्वीट करके भाजपा की आलोचना की है। उन्होंने लिखा कि 'भगवान कृष्ण ने हमें बदला लेना और अपने अधिकारों के लिए लड़ना सिखाया है।' बाबुल सुप्रियो ने कहा, ''मैं भाजपा की बड़ी हार से बहुत खुश हूं। जी-हजूरी, चमचों की खातिर वफादार पार्टी कार्यकर्ताओं को अपमानित करने वाली अहंकारी, गद्दार पार्टी आम लोगों के समर्थन के लायक नहीं है। ये सब जानते हैं कि भाजपा अपने नेताओं के साथ कैसे बर्ताव करता है।''
बाबुल सुप्रियो ने ट्वीट में आगे कहा, ''कम से कम 10 दिग्गज नेताओं की पहचान तो कोई भी कर सकता है, जिन्हें वाजपेयी जी और आडवाणी जी द्वारा प्यार और सम्मान दिया गया था। लेकिन भाजपा के मौजूदा नेतृत्व ने क्रूरता से सबको दरकिनार औप अपमानित किया था। यहां तक कि भाजपा के ये पूर्व दिग्गज भाजपा विरोधी प्रेस कॉन्फ्रेंस, बात करने और ट्वीट करने से डरते हैं। कर्नाटक को अच्छा करने के लिए बधाई।''
अपने अगले ट्वीट में सीएम ममता बनर्जी की बातों को कोट करते हुए बाबुल सुप्रियो ने कहा, ''जैसा कि ममता बनर्जी ने सही सुझाव दिया है कि अगर किसी भी राज्य में जो पार्टी, या गैर-बीजेपी गठबंधन मजबूत है तो हमेशा भाजपा से आर-पार की लड़ाई लड़नी चाहिए। अगर ऐसा किया जाएगा तो भाजपा भारत के ज्यादातर क्षेत्रों से साफ हो जाएगी। पश्चिम बंगाल, हिमाचल, कर्नाटक देश को रास्ता दिखा रहे हैं। महाभारत में भगवान कृष्ण ने कहा था बदला एक शुद्ध भावना है।''












Click it and Unblock the Notifications