राम मंदिर-बाबरी मस्जिद मामले पर सुप्रीम कोर्ट में अगली सुनवाई 5 जुलाई को
नई दिल्ली। अयोध्या में राम मंदिर और बाबरी मस्जिद जमीन विवाद केस की अगली सुनवाई 5 जुलाई को होगी। मामले की सुनवाई सुप्रीम कोर्ट के तीन जजों की बेंच ने मंगलवार को शुरू कर दी थी लेकिन फिलहाल इसे स्थगित कर दिया गया है। सुप्रीम कोर्ट ने गर्मियों की छुट्टी के बाद 5 जुलाई को सुनवाई की तारीख दी है। इससे पहले 27 अप्रैल को मामले की सुनवाई के लिए 15 मई की तारीख दी गई थी।

27 अप्रैल को सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस की अध्यक्षता वाली तीन जजों की बेंच ने अयोध्या मामले की सुनवाई 15 मई तक बढ़ाई थी। पिछली सुनवाई में सुन्नी वक्फ बोर्ड के वकील राजू रामचंद्रन ने इस मामले को बड़े संवैधानिक बेंच को सौंपे जाने की मांग की थी। सुप्रीम कोर्ट ने अयोध्या विवाद का मामला संविधान पीठ को सौंपने से इनकार किया था।
इस मामले में हिंदू महासभा के अधिवक्ता विष्णु शंकर ने बीती सुनवाई में कहा था कि यह मामला संविधान का नहीं है, यह संपत्ति का विवाद है। इसलिए इसे संवैधानिक बेंच को भेजने की जरूरत ही नहीं है। सुनवाई के दौरान मुस्लिम पक्षकारों की ओर से सुप्रीम कोर्ट में ये भी कहा गया कि अदालत में मामला लंबित है लेकिन कोर्ट के बाहर हिंदू संगठनों की ओर से जिस तरह की बयानबाजी की जा रही है, वो अदालत की अवमानना की तरह है।












Click it and Unblock the Notifications